यूपी कांग्रेस नेताओं की चमकेगी किस्मत: AICC राष्ट्रीय सचिव के लिए 19 नेताओं ने दिया इंटरव्यू, संगठन में बढ़ेगा कद
up congress national secretary interview: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं का संगठन में कद बढ़ सकता है. राष्ट्रीय सचिव पद के लिए यूपी के 19 नेताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के सामने इंटरव्यू दिया है.
up congress national secretary interview: कांग्रेस की राष्ट्रीय टीम में नए चेहरों को शामिल करने की कवायद चल रही है. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने देशभर के 250 से ज्यादा नेताओं के इंटरव्यू लिए हैं. इनमें उत्तर प्रदेश के 19 नेता भी शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक इनमें से करीब 4 से 5 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिल सकती है.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के लिए यह कवायद इसलिए भी अहम है क्योंकि अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. पार्टी यूपी के नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह देकर संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच एक साथ दो स्तरों पर संदेश देने की कोशिश कर रही है.
देशभर से 250+ कांग्रेस नेताओं के इंटरव्यू
करीब 55-60 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने की तैयारी
यूपी से 19 नेताओं ने दिया इंटरव्यू
4-5 नेताओं को मिल सकती है राष्ट्रीय टीम में जगह
पुरुष और महिला नेताओं ने दिए इंटरव्यू
राष्ट्रीय सचिव पद के लिए यूपी से पुरुष और महिला नेताओं ने इंटरव्यू दिया है. महिला नेताओं में कानपुर की प्रतिभा अटल पाल और करिश्मा ठाकुर के नाम शामिल हैं. करिश्मा ठाकुर महिला कांग्रेस की कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं और गोविंद नगर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं. इसके अलावा उत्तर प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव रहे अनिल यादव ने भी इंटरव्यू दिया है. ओबीसी विभाग के चेयरमैन मनोज यादव, यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ओमवीर यादव, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके केशव यादव, प्रांतीय अध्यक्ष रहे योगेश दीक्षित और प्रदेश उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह समेत कई नेताओं ने इस प्रक्रिया में हिस्सा लिया है.
संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बदलाव की तैयारी
कांग्रेस संगठन में इससे पहले भी राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्तियां होती रही हैं. पार्टी अब नए चेहरों को राष्ट्रीय टीम में शामिल करने के लिए मौजूदा संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बदलाव कर सकती है. नए चेहरों को मौका देने के पीछे युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और आने वाले चुनावों के लिए संगठन को तैयार करने की रणनीति बताई जा रही है.
इंटरव्यू में पूछे गए सवाल
आपके अलावा कौन से 3 राष्ट्रीय सचिव अच्छा काम कर रहे हैं?
फील्ड में महिलाओं और नेताओं को किन दिक्कतों का सामना करना पड़ता है?
आपके क्षेत्र के 5 सबसे अच्छे कार्यकर्ता कौन हैं?
कांग्रेस की ऐसी कौन-सी गलती है जिसे सुधारने की जरूरत है?
राष्ट्रीय सचिव के काम को एक शब्द या एक लाइन में कैसे परिभाषित करेंगे?
कांग्रेस की इस पूरी कवायद में उत्तर प्रदेश पर खास फोकस नजर आ रहा है. विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश संगठन के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देने से पार्टी संगठन को नया स्वरूप देने की तैयारी कर रही है. अब नजर इस बात पर है कि इंटरव्यू देने वाले 19 नेताओं में से किन चेहरों को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिलती है.
यह भी पढ़ें-शिवपाल यादव का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- इटावा-कन्नौज में प्रचार कर लो, एक भी वोट नहीं मिलेगा