बिजनौर के सियासी रण में उतरी बसपा: अफजलगढ़ में आकाश आनंद की जनसभा आज, तान्या नागपाल के पक्ष में बनाएंगे माहौल
बिजनौर की बढ़ापुर विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी की उम्मीदवार तान्या नागपाल चुनावी मैदान में जरूर उतर चुकी है. चुनावी जनसभा में बतौर मुख्य अतिथि बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद जनसभा को संबोधित करेंगे.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बिसात बिछनी शुरू हो गई है. सभी राजनीतिक पार्टियां रणनीति बनाने में जुटी हुई हैं. इस बीच बिजनौर जनपद की बढ़ापुर विधानसभा सीट पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है.
इस सीट से बसपा की उम्मीदवार तान्या नागपाल चुनावी मैदान में सक्रिय हो चुकी हैं, जिनके समर्थन में आज अफजलगढ़ क्षेत्र में चुनावी जनसभा का आयोजन किया जा रहा है. इस जनसभा को मुख्य अतिथि के तौर पर बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद संबोधित करेंगे.
अफजलगढ़ में कार्यकर्ताओं ने डाला डेरा
बसपा सुप्रीमो मायावती ने आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किए है और देश भर में कार्यक्रमों की अनुमति भी दी है. जिसके बाद पार्टी ने 2027 के चुनावों की तैयारियों को धार दे दी है. बिजनौर जिले की कुल आठ विधानसभा सीटों में से एक बढ़ापुर सीट पर पार्टी का खास फोकस है. आज दोपहर एक बजे अफजलगढ़ क्षेत्र में होने वाली इस जनसभा को सफल बनाने के लिए बसपा कार्यकर्ताओं ने पहले से ही इलाके में डेरा डाल दिया है. सभा स्थल पर मंच तैयार किया गया है और स्थानीय स्तर पर तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है.
विरोधियों पर साधा जोरदार निशाना
पूरी जनसभा की व्यवस्था बसपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी का प्रमुख चेहरा माने जाने वाले मुनकाद अली की देखरेख में चल रही है. तैयारियों का जायजा लेने के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुनकाद अली ने विरोधी दलों के समीकरणों पर तीखी प्रतिक्रिया दी. जब पत्रकारों ने उनसे असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन के बाद बसपा के पारंपरिक दलित वोट बैंक के खिसकने की संभावनाओं पर सवाल पूछा, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया.
मुनकाद अली ने इस गठबंधन पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि यह गठबंधन एक सोचे-समझे षड्यंत्र के तहत किया गया है. उन्होंने दावा किया कि बहुजन समाज का मतदाता पूरी तरह जागरूक है और वह किसी भी तरह के बहकावे में आने वाला नहीं है.
सियासी समीकरण साधने की कोशिश
जानकारों का मानना है कि बिजनौर की आठ विधानसभा सीटों में बढ़ापुर का अपना अलग सियासी महत्व है. तान्या नागपाल की उम्मीदवारी और उनके समर्थन में आकाश आनंद की यह रैली क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने की एक बड़ी कोशिश है.
अब देखना यह होगा कि आज दोपहर एक बजे अफजलगढ़ के मंच से आकाश आनंद विरोधियों पर क्या हमला बोलते हैं और 2027 के चुनावी समर के लिए कार्यकर्ताओं को क्या नया संदेश देते हैं.
(बिजनौर से राजवीर चौधरी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: विकास के दावे, अधूरे प्रोजेक्ट्स के आरोप और जातीय समीकरण, 2027 में PDA पलटेगा बाजी? समझिए बलिया नगर का सियासी गणित