बैंक में 80 लाख, क्रिप्टो में 40 हजार डॉलर, E-mail ID बेच खड़ा किया दौलत का पहाड़, ATS के रडार पर अंकित के मददगार
पाकिस्तान और बांग्लादेश में ई-मेल आईडी बेचने वाले अंकित शंखवार के खातों में विदेशों से रकम आने का खुलासा हुआ है. आरोपी के खाते में करीब 40 हजार अमेरिकी डॉलर आने की पुष्टि हुई है. अब एटीएस नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है.
पाकिस्तान और बांग्लादेश में लाखों ई-मेल आईडी बेचकर भारत में धमकी भरे संदेश भेजने की साजिश करने वाले पर नया अपडेट आया है. कानपुर के आरोपी अंकित शंखवार के खिलाफ उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (UP ATS) की जांच में चौंकाने वाले वित्तीय खुलासे हुए हैं. एजेंसी की अब तक की छानबीन में पता चला है कि आरोपी के पास न केवल भारतीय बैंक खातों के जरिए भारी-भरकम रकम आई, बल्कि उसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से भी मोटी कमाई की.
भारतीय बैंक खातों में 80 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन
जांच में उसके क्रिप्टो खाते में बांग्लादेश समेत कई अन्य देशों से करीब 40 हजार अमेरिकी डॉलर आने की पुष्टि हुई है. एटीएस के अधिकारियों ने जब अंकित शंखवार के वित्तीय नेटवर्क को खंगाला, तो भारत में उसके बैंक खातों में करीब 80 लाख रुपये का लेनदेन मिला है. एजेंसी ने दोनों बैंकों से खातों का पूरा ब्यौरा जुटा लिया है.
अब यह पता लगाया जा रहा है कि इस बड़ी रकम का असली स्रोत क्या है, किन लोगों ने उसके खातों में पैसे जमा कराए और अंकित ने आगे किन संदिग्धों को यह रकम ट्रांसफर की.
धमकी भेजने में हो रहा था आईडी का इस्तेमाल
इससे पहले एटीएस ने यह खुलासा किया था कि अंकित ने करीब 22 लाख ई-मेल आईडी तैयार कर पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे लोगों को बेची थीं. चौंकाने वाली बात यह है कि इन ई-मेल आईडी का इस्तेमाल भारत के विभिन्न संस्थानों और लोगों को धमकी भरे ई-मेल भेजने के लिए किया जा रहा था. एटीएस अब संबंधित ई-मेल आईडी ब्लॉक कराने में जुटी है, ताकि इनका आगे इसका दुरुपयोग रोका जा सके.
सिंडिकेट के अन्य चेहरों तक पहुंची जांच की आंच
जांच एजेंसी को इस बात की भी आशंका है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खातों में विदेशों से रकम भेजी गई है. अंकित के कानपुर में दो अलग-अलग बैंकों में खाते हैं. एटीएस ने दोनों का ब्यौरा जुटा लिया है. इनके लेनदेन के आधार पर साजिश में शामिल कुछ अन्य लोगों के बारे में अहम सुराग मिले हैं.
इन संदिग्ध खाताधारकों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है. फिलहाल, एटीएस की टीमें विदेशी फंडिंग और साइबर अपराध के इस गठजोड़ की हर कड़ी को जोड़ने में लगी हैं.
यह भी पढ़िए: सुबह की मीठी नींद बन गई काल: अपार्टमेंट की पार्किंग में उठी चिंगारी ने छीनी दो जिंदगियां, मां झुलसी; बेटे ने तोड़ा दम