App

वाराणसी में सेल्फी बनी काल, चार दोस्तों की गई जान, नवरात्रि के आखिरी दिन सड़क हादसों में 9 की मौत

नवरात्रि पर विंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे कार सवार को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई. वहीं, अन्य अलग अलग सड़क हादसों में कुल 9 लोगों की मौत हो गई.

वाराणसी में सेल्फी बनी काल, चार दोस्तों की गई जान, नवरात्रि के आखिरी दिन सड़क हादसों में 9 की मौत
Image Credit: जी संवाददाता

वाराणसी में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. प्रयागराज से वाराणसी जा रही स्कॉर्पियो को ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई. वहीं, दो लोग घायल हो गए. बताया गया कि कार सवार सभी दोस्त विंध्याचल से दर्शन कर आ रहे थे. सुबह तड़के करीब पांच बजे प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर हादसा हो गया. हादसे के बाद यातायात बाधित हो गया था. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन हटाकर यातायात सुचारु कराया है. वहीं, नवरात्रि के आखिरी दिन हुए अलग अलग सड़क हादसों में कुल 9 लोगों की मौत हो गई.

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा 
हादसे की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. उनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था. ट्रक चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है. मृतकों और घायलों की पहचान तथा हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

चंदौली में भी बड़ा हादसा
वहीं, चंदौली के मझवार रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. हादसे में चचेरा भाई अनुराग गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान शिवकुमार गुप्ता फगुइया गांव निवासी जितेंद्र गुप्ता के रूप में हुई है. बताया गया कि चंदौली बाजार से लौटते समय अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी. इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल, परिवार में कोहराम मचा है. 

आजमगढ़ में मासूम की मौत 
आजमगढ़ के गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. मुडहर गांव में ट्रैक्टर पर बैठकर खेत की जुताई कराने जा रहा 13 वर्षीय बालक अचानक नीचे गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया. हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान साकिब के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. वहीं, परिजनों ने ट्रैक्टर बदलने का आरोप लगाया. 

गोंडा में जीजा साले की मौत 
गोंडा में छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनान मसकनवा मार्ग पर सोमवार देर शाम 6 बजे हुए सड़क हादसे में जीजा-साले की मौत हो गई. छपिया थाना क्षेत्र के बभनजोतिया मोड़ के पास सरकारी एंबुलेंस और उनकी बाइक में टक्कर हो गई थी. दोनों नवरात्रि नवमी के धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर अपने ननिहाल बभनजोतिया से घर लौट रहे थे. मृतकों की पहचान लखनऊ निवासी हरिलाल (57 वर्ष) और बस्ती निवासी राहुल कश्यप (28 वर्ष) के रूप में हुई है.

लखीमपुर खीरी में खाई में गिरी निजी बस
वहीं, लखीमपुर खीरी के मितौली थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे से हड़कंप मच गया. बरौला फार्म के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी. हादसे में एक यात्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए. बस में करीब 30 यात्री सवार बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घायलों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है. साथ ही पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More