App

थाईलैंड में शादी, धर्म परिवर्तन का दबाव और 55 लाख की स्पोर्ट्स बाइक्स: जानिए थाई महिला और इरफान के रिश्ते का पूरा सच!

Thailand Woman Case: थाईलैंड की अपसॉर्न और कानपुर के इरफान की पहचान सोशल मीडिया पर हुई, जिसके बाद दोनों ने थाईलैंड में रीति-रिवाजों से शादी की. थाई महिला का आरोप है कि उस पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया. इनकार करने पर इरफान ने बातचीत और संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया. अपसॉर्न का यह भी आरोप है कि उसने इरफान के लिए अपना रेस्टोरेंट गिरवी रखकर और रिश्तेदारों से कर्ज लेकर 55 लाख रुपये की दो महंगी स्पोर्ट्स बाइक्स खरीदकर दीं. जानिए पूरी डिटेल...

थाईलैंड में शादी, धर्म परिवर्तन का दबाव और 55 लाख की स्पोर्ट्स बाइक्स: जानिए थाई महिला और इरफान के रिश्ते का पूरा सच!

Thailand Woman Case: कानपुर के एक मकान के बाहर हाथों में शादी की तस्वीरें, कुछ कागजात और आंखों में कई सवाल लिए खड़ी थाईलैंड की महिला अपसॉर्न की कहानी अब पुलिस फाइल का हिस्सा बन गई है. सात समंदर पार थाईलैंड से शुरू हुई प्यार और वादों की यह कहानी कानपुर पहुंचते-पहुंचते धर्म परिवर्तन, धोखाधड़ी और लाखों रुपये के लेनदेन के संगीन आरोपों में तब्दील हो चुकी है.

सोशल मीडिया से शुरू हुआ रिश्ता
अपसॉर्न के मुताबिक, कारोबार के सिलसिले में इरफान का थाईलैंड आना-जाना था. सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान रेस्टोरेंट चलाने वाली अपसॉर्न से हुई. बातचीत का यह सिलसिला धीरे-धीरे प्यार में बदला और करीब दो साल पहले दोनों ने थाई परंपरा के अनुसार शादी रचा ली. अपसॉर्न का कहना है कि उसने इरफान को अपना पति माना. उसके साथ भविष्य की योजनाएं बनाई. अब उसने पुलिस को शादी के कार्ड, तस्वीरें और अन्य दस्तावेज सौंपे हैं.

इरफान पर अपसॉर्न का गंभीर आरोप
कहानी में मोड़ तब आया, जब भारत में साथ रहने की बात पर इरफान का रवैया बदलने लगा. अपसॉर्न का आरोप है कि उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और कहा गया कि भारत में साथ रहने के लिए बुर्का पहनना होगा. जब महिला ने इससे साफ इनकार कर दिया, तो दोनों के बीच दूरियां बढ़ने लगीं और इरफान ने उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया.

फरवरी में इरफान से खत्म हुआ संपर्क
अपसॉर्न के अनुसार, इरफान फरवरी 2026 में भारत आया था. इसके बाद उसने बीमारी का बहाना बनाकर महिला से दूरी बना ली और आखिरकार बातचीत पूरी तरह बंद कर दी. मजबूर होकर अपसॉर्न को सच तलाशने खुद कानपुर आना पड़ा.

55 लाख की दो स्पोर्ट्स बाइक, गिरवी रखा रेस्टोरेंट
अपसॉर्न के दावों के मुताबिक, इरफान को महंगी स्पोर्ट्स बाइक का शौक था. उसने इरफान के दो बार जन्मदिन पर करीब 55 लाख रुपये खर्च करके बाइक खरीदकर दीं. पहली बार 21 लाख और दूसरी 34 लाख रुपये बाइक पर खर्च किए. यही नहीं, पैसे कम पड़ने पर महिला ने थाईलैंड में अपना रेस्टोरेंट बैंक के पास गिरवी रखकर लोन लिया और रिश्तेदारों से भी उधार मांगकर इरफान की मदद की.

सोशल मीडिया वीडियो से खुले लाइफस्टाइल के राज
मामले में नया मोड़ इरफान के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट किए गए वीडियो से आया है, जहां वह महंगी स्पोर्ट्स बाइक्स के साथ अपनी लाइफस्टाइल फ्लॉन्ट करता दिख रहा है. अपसॉर्न का दावा है कि वीडियो में दिख रही इन महंगी बाइक्स को खरीदने में उसकी ही कमाई लगी थी. महिला का यह भी आरोप है कि इरफान के पास कई लग्जरी कारें भी हैं. हालांकि, इन स्पोर्ट्स बाइक्स का असली मालिक कौन है? इन्हें खरीदने के लिए रकम किस खाते से चुकाई गई और इनका रजिस्ट्रेशन किसके नाम पर है? इसका पूरा सच अब पुलिस की फोरेंसिक व वित्तीय जांच के बाद ही साफ हो पाएगा.

परिवार ने अपसॉर्न पर किया पलटवार
अपसॉर्न के मुताबिक, वह लगातार इरफान की मदद करती रही, लेकिन जब उसने अपना पैसा वापस मांगना शुरू किया तो रिश्ता कथित तौर पर खत्म होने लगा. वहीं दूसरी ओर, इरफान के परिवार ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. इरफान के परिजनों का कहना है कि महिला उनके बेटे को पैसों के लिए फंसा रही है और ब्लैकमेल कर रही है. मां का दावा है कि इरफान ने अपनी मेहनत की कमाई से बाइक खरीदी थी.

परिवार का दावा है कि कारोबार में घाटा होने पर उन्होंने बेटे की मदद की थी और स्पोर्ट्स बाइक इरफान ने अपनी खुद की कमाई से खरीदी थी, जिसे लेकर पिता हमेशा उसे टोकते और थाईलैंड जाने से रोकते थे.

पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, अपसॉर्न की तहरीर के आधार पर मोहम्मद इरफान के खिलाफ धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने, मारपीट और धोखाधड़ी समेत अन्य संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब दोनों की बैंक डिटेल्स, मैसेज, कॉल रिकॉर्ड्स और वीडियो क्लिप्स की जांच कर रही है. ताकि पैसों के लेनदेन और आरोपों की सत्यता सामने आ सके.

सात समंदर पार से न्याय की गुहार लगाने कानपुर पहुंची थाई महिला का यह मामला सिर्फ दो लोगों के टूटे रिश्ते का नहीं, बल्कि डिजिटल दौर में भरोसे और धोखे की चेतावनी है. अब देखना यह होगा कि पुलिस की जांच में कागजी दस्तावेज और बैंकिंग ट्रेल इस उलझी हुई लव स्टोरी का क्या सच सामने लाते हैं?  

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More