'पैसे दो वरना...': बेटे ने शराब के लिए घर में काटा गदर, मना करने पर पिता को पीट-पीटकर मार डाला
Deoria Son Killed Father News: देवरिया से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक कलयुगी बेटे ने अपने पिता की निर्मम हत्या कर दी है. बताया जा रहा है कि बेटे ने शराब पीने के लिए पिता से पैसे मांगे थे, लेकिन पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया. जिसके बाद बेटे ने पिता को लाठी-डंडे से पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया.
Deoria Son Killed Father News/ त्रिपुरेश पति त्रिपाठी: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद से एक दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक कलयुगी बेटे ने शराब की लत के चलते इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं. शराब पीने के लिए पैसे न मिलने पर कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. वहीं, परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
शराब के लिए मांग रहा था पैसे
यह दर्दनाक घटना देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के बहोरवा गांव की है. जानकारी के अनुसार, इसी गांव के रहने वाले रामअवतार राय का बेटा सुनील उर्फ सत्तू राय शराब पीने का आदी है. घटना के दिन सुनील ने अपने पिता रामअवतार राय से शराब खरीदने के लिए पैसों की डिमांड की. पिता ने बेटे की इस बुरी आदत को बढ़ावा न देते हुए उसे पैसे देने से साफ इनकार कर दिया.
बेटे ने पिता के सिर पर किया वार
पैसे मिलने से इंकार होने पर आरोपी बेटा गुस्से से आग बबूला हो गया. जिसके बाद वह पिता के साथ बहस करने लगा. विवाद इतना बढ़ गया कि कलयुगी बेटे ने अपना आपा खो दिया और घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपने बुजुर्ग पिता के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. सिर पर गंभीर चोट लगते ही रामअवतार राय लहूलुहान होकर जमीन पर बेसुध होकर गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल रामअवतार को इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पिता की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस वारदात की सूचना मिलते ही सुरौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. बरहज की क्षेत्राधिकारी रंजना सचान ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सुरौली थाना क्षेत्र के बहोरवा गांव से सूचना मिली थी कि सुनील उर्फ सत्तू ने शराब के लिए पैसे न मिलने पर अपने पिता रामअवतार राय के सिर पर लकड़ी के मुगड़े से हमला कर दिया था.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी बेटा फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.