फरारी में भी कम नहीं हुई श्रद्धा की रईसी, कीमती चप्पल और लखटकिया नाइट सूट, कहां से आ रहे थे इतने पैसे?
शिवा शर्मा केस में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे के फरारी के समय भी जलवे कम नहीं हुए. उसके पास से 4 आईफोन बरामद किया गया है. लाखों का नाइट सूट पहने थी.
शिवा शर्मा केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है. फरारी के दौरान भी श्रद्धा दुबे के जलवे में कोई कमी नहीं थी. पुलिस ने जब श्रद्धा दुबे को अरेस्ट किया तब भी वह ब्रांडेड कपड़े और महंगे चप्पल पहनी थी. श्रद्धा दुबे लाखों का नाइट सूट और करीब बीस हजार रुपये की स्लीपर पहन रखी थी. इतना ही नहीं पुलिस ने उसके पास से चार I phone भी बरामद की है.
आगरा, झांसी से नागपुर पहुंची
वहीं, श्रद्धा दुबे की बहन रश्मि दुबे भी ब्रांडेड कपड़े पहने थी. तीनों लखनऊ से नेपाल फिर नेपाल से लखनऊ वापस आए. यहां से रायबरेली होते हुए आगरा पहुंचे. उसके बाद वहां से झांसी होते हुए नागपुर पहुंच गए. यूपी एसटीएफ ने श्रद्धा और उसकी बहन को तब गिरफ्तार किया, जब वह नागपुर से निकलने की तैयारी कर रही थी. आरोप है कि श्रद्धा दुबे ने करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की बेरहमी से हत्या की है, वह वसूली गैंग चलाती थी. अगर ठीक से पूछताछ हुई तो बहुत कुछ सामने आएगा.
श्रद्धा दुबे की मां ने शुक्रिया अदा किया
वहीं, श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी पर शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा का बयान आया है. शिवा शर्मा की मां ने लखनऊ पुलिस, एसटीएफ और प्रशासन के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शुक्रिया अदा किया है. शिवा शर्मा की मां ने कहा कि आज विजयदशमी है, शिवा को न्याय की दिशा में पहला कदम है. आगे उन्होंने कहा कि इस गिरफ्तारी के बाद शिवा शर्मा केस से पर्दा उठ जाएगा. शिवा की मां का दावा है कि अभी और भी वीडियो सामने आ सकते हैं. अब न्याय मिलने की पूरी उम्मीद जगी है.
दानिश की बहन ने क्या कहा?
श्रद्धा दुबे के ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश की बहन का भी बयान सामने आया है. दानिश की बहन ने कहा कि "जिस दिन यह मामला हुआ, उस दिन से हमारी दानिश से कोई बातचीत नहीं हुई है. वह ड्यूटी पर गया था, उसके बाद से हमें उसके बारे में कुछ भी पता नहीं है. हम केवल खबरों के माध्यम से ही जानकारी प्राप्त कर रहे हैं. समाचारों में बताया जा रहा है कि वह नेपाल में है. हमें जो कुछ भी पता चल रहा है, वह केवल न्यूज़ के जरिए ही पता चल रहा है. इसके अलावा हमें कोई जानकारी नहीं है."
यह भी पढ़ें : शिवा शर्मा डेथ केस: लखनऊ से आगरा और फिर नागपुर! 11 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ी श्रद्धा दुबे