शिवा हत्याकांड में नया सवाल: श्रद्धा दुबे से मिलने से क्यों कतरा रहे अपने? जेल में कैसे कट रहीं रातें
शिवा शर्मा केस में श्रद्धा दुबे जेल में बंद है. दूसरे दिन भी श्रद्धा से मिलने जेल में कोई नहीं पहुंचा. श्रद्धा की बहन रश्मि भी जेल में बंद है.
लखनऊ के चर्चित शिवा हत्याकांड में जेल के भीतर बंद श्रद्धा दुबे को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है. श्रद्धा से मिलने के लिए दूसरे दिन भी कोई परिजन जेल नहीं पहुंचा. जेल प्रशासन के मुताबिक, मुलाकात की प्रक्रिया पूरी करने के लिए परिजनों के नाम और मोबाइल नंबर मिलने का इंतजार है. पहले नाम और नंबर का सत्यापन होगा, फिर ऑनलाइन पंजीकरण और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मुलाकात की अनुमति दी जाएगी. आखिर श्रद्धा से मिलने के लिए अब तक कोई क्यों नहीं पहुंचा? क्या परिवार की ओर से मुलाकात की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है?.
जेल में बंद श्रद्धा, मुलाकात का इंतजार
शिवा हत्याकांड में जेल में बंद श्रद्धा दुबे से मुलाकात को लेकर दूसरे दिन शनिवार को भी कोई मिलने नहीं पहुंचा. जेल प्रशासन के अनुसार, श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि दुबे से मुलाकात के लिए आने वाले परिजनों और परिचितों के नाम तथा मोबाइल नंबर मांगे गए हैं. इन जानकारियों के मिलने के बाद पुलिस से सत्यापन कराया जाएगा. इसके बाद ऑनलाइन पंजीकरण, आधार कार्ड की छायाप्रति और फोटो से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होने पर मुलाकात की अनुमति दी जाएगी.
मुलाकात के लिए क्या है प्रक्रिया?
जेल प्रशासन के मुताबिक, श्रद्धा और रश्मि महिला बैरक में अन्य बंदियों के साथ रह रही हैं. जेल में मुलाकात के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना जरूरी है. पहले मुलाकात करने वाले व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया जाएगा. सत्यापन के बाद जरूरी दस्तावेजों और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होगी. इसके बाद ही मुलाकात संभव हो सकेगी. जेल प्रशासन का कहना है कि अभी तक नाम और मोबाइल नंबर मिलने के बाद होने वाली प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है.
परिवार की तरफ से कौन पहुंचेगा?
इस पूरे मामले में एक अहम सवाल यह भी है कि श्रद्धा से मिलने के लिए परिवार की ओर से कौन आगे आएगा? उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा की सौतेली मां और पिता एसपी दुबे भी उससे मिलने नहीं पहुंचे थे. वहीं, श्रद्धा अपने पति से पहले ही अलग रह रही थी.
कोर्ट ने 10 दिन के लिए रिमांड में जेल भेजा था
बता दें कि 9 अक्टूबर को लखनऊ में कैफे संचालक शिवा शर्मा की बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी. इस घटना के बाद से श्रद्धा दुबे फरार चल रही थी. शिवा की मां ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था. श्रद्धा दुबे नेपाल फरार हो गई थी. इसके बाद नेपाल से वह नागपुर पहुंच गई थी. नागपुर से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था. कोर्ट ने 10 दिन के रिमांड पर तीनों को जेल भेज दिया है.
यह भी पढ़ें ; शिवा शर्मा केस: श्रद्धा दुबे से जेल में मिलने कोई नहीं आया, रात के खाने में मिली उड़द दाल और आलू-मेथी