SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राम मंदिर ट्रस्ट में मदन मोहन पांडेय को बड़ी जिम्मेदारी: संभालेंगे बैंकिंग व्यवस्था, चढ़ावा विवाद के बाद सख्त हुआ निगरानी तंत्र

Ayodhya Ram Mandir News: सूत्रों के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में नए सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया तेज हो गई है. नवनियुक्त सदस्य मदन मोहन पांडेय को ट्रस्ट की बैंकिंग और लेखा व्यवस्था से जुड़े कामों की जिम्मेदारी दी गई है. वह वित्तीय लेनदेन, बैंकिंग प्रक्रियाओं और लेखा संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे. जानिए पूरी डिटेल...

Written By Pooja Singh
Published: Oct 08, 2026, 12:29 PM IST | Updated: Oct 08, 2026, 12:33 PM IST
Join

Ayodhya Ram Mandir News/ प्रवेश कुमार: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के प्रशासनिक और वित्तीय संचालन को पारदर्शी, अनुशासित और चाक-चौबंद बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. ट्रस्ट में नए सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, एडवोकेट मदन मोहन पांडेय को बैंकिंग और लेखा (Accounts) व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है.

मदन मोहन पांडेय अब ट्रस्ट की तमाम वित्तीय प्रक्रियाओं, रोजाना के लेनदेन, बैंक खातों के संचालन और लेखा-जोखा से जुड़े कार्यों की सीधे निगरानी करेंगे.

चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद चौकसी तेज
हाल में अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और दान की रकम में गड़बड़ी व चोरी का मामला सामने आने के बाद से ही ट्रस्ट प्रशासन अलर्ट मोड पर है. इस प्रकरण ने ट्रस्ट के भीतर मजबूत आंतरिक निगरानी और कड़े ऑडिट सिस्टम की जरूरत को उजागर किया था. इसी को ध्यान में रखते हुए वित्तीय प्रबंधन में शून्य-अपराध और सौ फीसदी पारदर्शिता लाने के लिए जिम्मेदारियों का नया रोडमैप तैयार किया गया है.

पहले डॉ. अनिल मिश्रा की रहती थी भूमिका
पहले बैंकिंग और वित्तीय मामलों से जुड़ी व्यवस्थाओं के समन्वय में पूर्व ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा की अहम भूमिका रहती थी. हालांकि, अब प्रशासनिक फेरबदल के बाद नए सदस्यों को विशिष्ट विभागों की जिम्मेदारी दी जा रही है. ताकि कार्यों में किसी भी तरह का भ्रम न रहे और जवाबदेही तय की जा सके.

कानूनी दिग्गज हैं एडवोकेट मदन मोहन पांडेय
वित्तीय मामलों की कमान संभालने वाले एडवोकेट मदन मोहन पांडेय अयोध्या की माटी से जुड़े जाने-माने कानून के जानकार हैं. उन्होंने राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद के दशकों लंबे चले कानूनी विवाद में रामलला विराजमान की ओर से कोर्ट में पैरवी की थी. 

इतना ही नहीं, मदन मोहन पांडेय यूपी सरकार के अपर महाधिवक्ता जैसे पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. कानून और प्रशासनिक बारीकियों की उनकी गहरी समझ को देखते हुए ही उन्हें इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है.  

जवाबदेही और पारदर्शिता पर फोकस
नया जिम्मा मिलने के साथ ही बैंकिंग और ऑडिटिंग प्रक्रिया को डिजिटल व स्वचालित (Automated) बनाने पर काम भी शुरू हो गया है. माना जा रहा है कि मदन मोहन पांडेय के अनुभवी हाथों में वित्तीय और बैंकिंग प्रबंधन आने से न सिर्फ कामकाज में बेहतर समन्वय होगा, बल्कि ट्रस्ट की साख और श्रद्धालुओं के विश्वास को भी नई मजबूती मिलेगी.

यह भी पढ़िए: 94वां वायुसेना दिवस: जब हिंडन पर एक साथ गरजे तेजस, ब्रह्मोस और आकाश, एयर चीफ मार्शल ने दिया दुश्मनों को कड़ा संदेश

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES