)
Ayodhya Ram Mandir News/ प्रवेश कुमार: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के प्रशासनिक और वित्तीय संचालन को पारदर्शी, अनुशासित और चाक-चौबंद बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. ट्रस्ट में नए सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, एडवोकेट मदन मोहन पांडेय को बैंकिंग और लेखा (Accounts) व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है.
मदन मोहन पांडेय अब ट्रस्ट की तमाम वित्तीय प्रक्रियाओं, रोजाना के लेनदेन, बैंक खातों के संचालन और लेखा-जोखा से जुड़े कार्यों की सीधे निगरानी करेंगे.
चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद चौकसी तेज
हाल में अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और दान की रकम में गड़बड़ी व चोरी का मामला सामने आने के बाद से ही ट्रस्ट प्रशासन अलर्ट मोड पर है. इस प्रकरण ने ट्रस्ट के भीतर मजबूत आंतरिक निगरानी और कड़े ऑडिट सिस्टम की जरूरत को उजागर किया था. इसी को ध्यान में रखते हुए वित्तीय प्रबंधन में शून्य-अपराध और सौ फीसदी पारदर्शिता लाने के लिए जिम्मेदारियों का नया रोडमैप तैयार किया गया है.
पहले डॉ. अनिल मिश्रा की रहती थी भूमिका
पहले बैंकिंग और वित्तीय मामलों से जुड़ी व्यवस्थाओं के समन्वय में पूर्व ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा की अहम भूमिका रहती थी. हालांकि, अब प्रशासनिक फेरबदल के बाद नए सदस्यों को विशिष्ट विभागों की जिम्मेदारी दी जा रही है. ताकि कार्यों में किसी भी तरह का भ्रम न रहे और जवाबदेही तय की जा सके.
कानूनी दिग्गज हैं एडवोकेट मदन मोहन पांडेय
वित्तीय मामलों की कमान संभालने वाले एडवोकेट मदन मोहन पांडेय अयोध्या की माटी से जुड़े जाने-माने कानून के जानकार हैं. उन्होंने राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद के दशकों लंबे चले कानूनी विवाद में रामलला विराजमान की ओर से कोर्ट में पैरवी की थी.
इतना ही नहीं, मदन मोहन पांडेय यूपी सरकार के अपर महाधिवक्ता जैसे पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. कानून और प्रशासनिक बारीकियों की उनकी गहरी समझ को देखते हुए ही उन्हें इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है.
जवाबदेही और पारदर्शिता पर फोकस
नया जिम्मा मिलने के साथ ही बैंकिंग और ऑडिटिंग प्रक्रिया को डिजिटल व स्वचालित (Automated) बनाने पर काम भी शुरू हो गया है. माना जा रहा है कि मदन मोहन पांडेय के अनुभवी हाथों में वित्तीय और बैंकिंग प्रबंधन आने से न सिर्फ कामकाज में बेहतर समन्वय होगा, बल्कि ट्रस्ट की साख और श्रद्धालुओं के विश्वास को भी नई मजबूती मिलेगी.