)
UP Rajya Sabha Election: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करने के बाद बुधवार को उनका नामांकन भी करा दिया. पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव और रिलायंस समूह से जुड़े धनराज परिमल नाथवानी ने लखनऊ में नामांकन पत्र दाखिल किया. इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे.
सूचनार्थ
समाजवादी पार्टी की ओर से राज्यसभा हेतु अधिकृत प्रत्याशी प्रो. राम गोपाल यादव जी एवं श्री धनराज परिमल नथवानी जी माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी की उपस्थिति में प्रातः 11 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।— Samajwadi Party (@samajwadiparty) September 30, 2026
रामगोपाल यादव के साथ धनराज नाथवानी को मैदान में उतारा
सपा ने राज्यसभा के लिए अपने मौजूदा सांसद और वरिष्ठ संसदीय नेता रामगोपाल यादव को फिर उम्मीदवार बनाया है. उनके साथ धनराज परिमल नाथवानी को प्रत्याशी बनाया गया है. नाथवानी उद्योग और खेल प्रशासन से जुड़े रहे हैं। सपा ने दोनों नामों की घोषणा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए की थी.
खेल प्रशासन में भी सक्रिय रहे हैं नाथवानी
धनराज नाथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े हैं और रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड के निदेशक हैं. वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन से भी जुड़े रहे हैं. उनके पिता परिमल नाथवानी भी रिलायंस समूह से जुड़े रहे हैं और राज्यसभा सांसद हैं. धनराज नाथवानी की पहचान कॉरपोरेट क्षेत्र के साथ-साथ खेल प्रशासन से भी जुड़ी रही है. वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं. इसके अलावा गुजरात स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन से भी उनका जुड़ाव रहा है.
यूपी में 10 राज्यसभा सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है. निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है. नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे. मतदान की जरूरत पड़ने पर 16 अक्टूबर को वोटिंग होगी और इसी दिन मतगणना भी की जाएगी.
विधानसभा के मौजूदा संख्या बल के आधार पर एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 37 प्रथम वरीयता मतों की जरूरत होगी. ऐसे में राज्यसभा चुनाव में विधायकों के संख्या बल और प्रथम वरीयता के साथ दूसरी-तीसरी वरीयता के मत भी अहम हो सकते हैं.
तीसरे उम्मीदवार पर अभी नजर
रामगोपाल यादव और धनराज नाथवानी के नाम सामने आने के बाद अब सपा के संभावित तीसरे उम्मीदवार को लेकर भी चर्चा बनी हुई है. रिपोर्टों के मुताबिक पार्टी तीन उम्मीदवार उतारने की रणनीति पर विचार कर रही है.