)
Prayagraj-Kanpur Trains Cancelled/ मो. गुफरान/ प्रवीण पांडे: दिल्ली का सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए अचानक बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है. 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) दिल्ली में प्रदर्शन करने की तैयारी में है. जिसके चलते उत्तर मध्य रेलवे ने एहतियातन बड़ा कदम उठाया है. सुरक्षा व्यवस्था और दिल्ली में भारी ट्रैफिक जाम की आशंका के चलते प्रयागराज जंक्शन, कानपुर, लखनऊ, मेरठ समेत कई जगहों से दिल्ली जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को कैंसल कर दिया गया है.
अचानक लिए गए इस फैसले के बाद प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. रिजर्वेशन करा चुके सैकड़ों यात्री जब स्टेशन पहुंचे, तो उन्हें ट्रेन रद्द होने की खबर मिली, जिसके बाद उन्हें अपने घरों को वापस लौटना पड़ा.
सुरक्षा की समझ, लेकिन काम की मजबूरी!
प्रयागराज जंक्शन पर जी मीडिया से बात करते हुए यात्रियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी. एक यात्री ने कहा कि रेलवे ने ट्रेनों के कैंसिल करने का जो फैसला लिया है, वह सुरक्षा के दृष्टिगत तो बेहतर है, लेकिन उन्हें जरूरी काम से दिल्ली जाना था और इसके लिए पहले से उन्होंने रिजर्वेशन भी करा रखा था. अब ट्रेन कैंसिल होने से वह दूसरे विकल्प सोचेंगे.
कानपुर स्टेशन पर डीआरएम का निरीक्षण
उधर, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज मंडल के डीआरएम खुद कानपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला सिर्फ दिल्ली के रूट पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए नहीं, बल्कि यात्रियों को बड़े जाम से बचाने के लिए भी लिया गया है.
डीआरएम ने बताई वजह
डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली में प्रोटेस्ट के चलते ट्रैफिक जाम लग रहा है. कानपुर से जो ट्रेनें दिल्ली पहुंच भी रही हैं, वहां से उतरने के बाद यात्रियों को लोकल ट्रांसपोर्ट नहीं मिल पा रहा है और लोग घंटों जाम में फंसे रह रहे हैं. इस चुनौती को ध्यान में रखते हुए कानपुर से दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनों को निरस्त किया गया है.
प्रयागराज-कानपुर से चलने वाली ये ट्रेनें कैंसिल
रेलवे के मुताबिक, 9 अक्टूबर को 12417 प्रयागराज-नई दिल्ली प्रयागराज एक्सप्रेस, 12275 प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस, 12451 कानपुर सेंट्रल-नई दिल्ली श्रम शक्ति एक्सप्रेस और 12447 मानिकपुर-हजरत निजामुद्दीन यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस रद्द हुई है. जबकि, 10 अक्टूबर को 12033 कानपुर सेंट्रल-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस और 14211 आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस कैंसिल हुई है.
इसके अलावा रेलवे ने 9 और 10 अक्टूबर को चलने वाली कई मेमू और ईएमयू ट्रेनों को भी कैंसिल कर दिया है. जो रूट प्रभावित हुए हैं, उनमें अलीगढ़-दिल्ली, दनकौर-दिल्ली, खुर्जा-गाजियाबाद, खुर्जा-शकूरबस्ती, हाथरस किला-दिल्ली, टुंडला-दिल्ली और अलीगढ़-नई दिल्ली शामिल हैं.
ये भी ट्रेनें रद्द
लखनऊ से दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल और एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस आज रद्द कर दी गईं हैं. मेरठ से दिल्ली जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस को भी रद्द किया गया है. जनशताब्दी एक्सप्रेस दिल्ली से वापस मेरठ की ओर भी नहीं आ पाएगी. ये ट्रेन देहरादून से दिल्ली जाती है. दिल्ली जाने वाले यात्रियों और नौकरी पेशा लोगों को काफी परेशानी हो रही है.
आने वाले दिनों में बढ़ सकती हैं मुश्किलें
रेलवे लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. फिलहाल यात्रियों को यही सलाह दी जा रही है कि वे दिल्ली यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे पूछताछ काउंटर या 139 हेल्पलाइन नंबर के जरिए ट्रेनों का करंट स्टेटस जरूर चेक कर लें, ताकि रेलवे स्टेशन पहुंचकर भटकना न पड़े.