काशी में 'विंग्स ओवर गंगा': नमो घाट से पीएम मोदी ने देखा एयर शो, राफेल से तेजस तक दिखी वायु सेना की ताकत
पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को वाराणसी दौरे पर हैं. यहां पीएम ने 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो को देखा. इसके साथ ही, मिर्जामुराद में अरविंद मिल की नई इकाई का उद्घाटन भी किया. जानिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम...
वाराणसी, जयपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र काशी के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं. इस दौरान उन्होंने वाराणसी को औद्योगिक सौगात देने के साथ-साथ गंगा नदी के ऊपर इंडियन एयरफोर्स के शौर्य और पराक्रम का भव्य नजारा देखा. पीएम के दौरे को लेकर काशी वालों और बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला.
सीएम योगी ने पीएम और रक्षा मंत्री का किया स्वागत
इस मौके पर सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया. उन्होंने लिखा, 'आज अविनाशी काशी का आकाश भारतीय वायु सेना के शौर्य और पराक्रम से गौरवान्वित होगा.इसके साथ ही प्रधानमंत्री जी अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन कर वस्त्र उद्योग और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देंगे. मां गंगा की पावन धरा पर राष्ट्र रक्षा का पराक्रम, औद्योगिक विकास का संकल्प और सनातन संस्कृति का गौरव नए भारत की सामर्थ्यवान यात्रा को नई ऊंचाई प्रदान करेंगे. हर हर महादेव. जय हिंद.'
पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
25 अक्टूबर को सुबह पीएम मोदी वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे. एयरपोर्ट से वे हेलीकॉप्टर से सीधे मिर्जामुराद के खोचवां के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने अरविंद मिल की नई इकाई का उद्घाटन किया. इस दौरान पीएम मोदी ने 40 महिला कर्मचारियों से सीधा संवाद भी किया. यह नई इकाई स्थानीय स्तर पर रोजगार और महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम मानी जा रही है.
नमो घाट पर 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो
मिर्जामुराद के कार्यक्रम के बाद दोपहर 12 बजे पीएम मोदी पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचे, वहां से सड़क मार्ग से नमो घाट के लिए रवाना हुए. रास्ते में जगह-जगह पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया. दोपहर 1 बजे पीएम मोदी नमो घाट पर वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ पर आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' का शानदार एयर शो देखने पहुंचे, जहां उन्होंने वायुसेना का शौर्य और पराक्रम देखा. इस मौके प राफेल से लेकर तेजस तक ने गंगा के ऊपर करबत दिखाए.
इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे. इसके अलावा कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
13 जगहों पर पीएम मोदी का स्वागत
पीएम मोदी के स्वागत के लिए बीजेपी ने क्षेत्र, जिला और महानगर स्तर पर रणनीति बनाई. सड़क मार्ग पर पुलिस लाइन, चौकाघाट, गोलगड्डा, कज्जाकपुरा और नमो घाट ढलान समेत 12 जगहों पर कार्यकर्ता पीएम का अभिनंदन किया. पुलिस लाइन के मुख्य द्वार पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने अगवानी की. पूरे रास्ते में पारंपरिक वाद्ययंत्रों, ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए काशी की समृद्ध परंपरा की झलक देखने को मिली.
स्वागत स्थलों पर मंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', महापौर अशोक तिवारी समेत स्थानीय विधायक मौजूद रहे. भाजपा स्वागत कार्यक्रम को जन-उत्सव का रूप देकर काशी की परंपराओं को पेश कर रही है.
यह भी पढ़िए: काशी के आसमान में गरजे राफेल-सुखोई, गंगा के ऊपर बना तिरंगा तो झूम उठी काशी, देखें गौरवशाली तस्वीरें