वाराणसी के नमो घाट और चंदौली के अवधूत भगवान रामघाट पर भारतीय वायुसेना की ओर से आयोजित एयर शो का रविवार को समापन हो गया. समापन वाले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी पहुंचे. उन्होंने अरविंद मिल का उद्घाटन किया. इसके बाद एयर शो में शामिल होने पहुंचे. पीएम मोदी ने वायु सेना के जवानों का करतब देखा. इस दौरान गंगा किनारे लाखों की भीड़ जुटी थी.
एयर शो के तीसरे दिन राफेल, मिराज, हेलीकॉप्टर और सूर्य किरण विमानों के रोमांचक करतब देखकर दर्शक रोमांचित हो गए. आसमान में वायुसेना के शौर्य का शानदार नजारा देखने को मिला. एयर शो देखने के लिए घाटों और आसपास की सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा था. बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा सभी में जबरदस्त उत्साह दिखा. सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह परिवार के साथ एयर शो देखने पहुंचे. उन्होंने इसे काशी और पूरे पूर्वांचल के लोगों के लिए सौभाग्य का विषय बताया.
सुशील सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए भारतीय वायुसेना के जवानों को देश का असली हीरो बताया. विधायक ने कहा कि टीवी और सोशल मीडिया पर ऐसे प्रदर्शन देखे थे, लेकिन काशी में अपनी आंखों से ऐसा अद्भुत नजारा देखना कभी सोचा नहीं था. बाबा विश्वनाथ के धाम को सलामी देने का दृश्य भी यादगार रहा.
धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने एयर शो को अद्भुत और अकल्पनीय बताया. उन्होंने कहा कि पहले ऐसे नजारे दिल्ली में 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसर पर टीवी के माध्यम से देखने को मिलते थे. वाराणसी की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष किरण सिंह ने भी एयर शो की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया. जनप्रतिनिधियों और दर्शकों ने एयर शो को यादगार अनुभव बताया.
बता दें कि रविवार सुबह 10 बजे बाबतपुर वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे. वहां से मिर्जामुराद में अरविंद मिल की नई इकाई का उद्घाटन करने पहुंचे. दोपहर करीब 1 बजे नमोघाट पहुंचकर गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना का भव्य एयर शो देखा. दोपहर 2 बजे एयर शो के समापन के बाद वह बाबतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए. पीएम मोदी का शहर और जिले के कुल 12 प्रमुख स्थलों पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया.
पुलिस लाइन, चौकाघाट, गोलगड्डा और कज्जाकपुरा समेत 8 पॉइंट्स पर BJP महानगर के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. नमोघाट ढलान, रेलवे पुल के पास और CNG स्टेशन के सामने जिला संगठन ने स्वागत किया. वहीं, पुलिस लाइन के मुख्य द्वार पर महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया.
(वाराणसी से जयपाल और चंदौली से संतोष जायसवाल की रिपोर्ट)