)
Pilibhit Ramleela Mela Firing/ मो. तारिक: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है. यहां थाना अमरिया क्षेत्र के कस्बे में रामलीला मेले की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक अचानक अखाड़े में तब्दील हो गई. पिछले मेले के हिसाब-किताब को लेकर कमेटी के दो पक्षों के बीच मामूली विवाद हो गया. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा.
इस खूनी संघर्ष में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, इलाज के दौरान एक अन्य घायल युवक ने भी दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद से पूरे कस्बे में मातम और तनाव का माहौल है.
हिसाब-किताब के दौरान शुरू हुआ खूनी विवाद
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम कस्बे में रामलीला मेले के आयोजन की रूपरेखा तय करने और पिछली व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए एक बैठक आयोजित की गई थी. बैठक के दौरान जब पिछले मेले के चंदे और खर्च का हिसाब मांगा गया, तो माहौल गरमा गया. कमेटी के दो पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते एक पक्ष के लोगों ने आपा खो दिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई इस गोलीबारी से वहां भगदड़ मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई.
तीन युवकों की मौत से पसरा मातम
गोलीबारी की इस घटना में 19 वर्षीय कुणाल, 26 वर्षीय अंकित गुप्ता, मोहित गुप्ता और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में सभी को अमरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुणाल और अंकित गुप्ता को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल मोहित गुप्ता और चौथे युवक को बेहतर इलाज के लिए तुरंत बरेली रेफर किया गया. इलाज के दौरान मोहित गुप्ता की भी मौत हो गई. जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर तीन हो गया है. चौथे घायल का अस्पताल में इलाज जारी है.
पुलिस हिरासत में मुख्य आरोपी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा और एएसपी हिमांशु गौरव समेत भारी पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया. एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने घटना में तीन युवकों की मौत की पुष्टि की है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही पुलिस ने असलहे और लाठी-डंडे भी बरामद किया है. कस्बे में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पीएसी और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.