राजा भैया के कुंडा में सजेगा दिव्य दरबार: धीरेंद्र शास्त्री की कथा में पाकिस्तानी हिंदू भी होंगे शामिल, अखिलेश के बयान से गरमाई सियासत
राजा भैया के कुंडा में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा होने जा रही है. इससे पहले यह धार्मिक आयोजन राजनीतिक केंद्र में आ गया है.
प्रतापगढ़ के ऐतिहासिक बेंती मैदान पर 17 से 20 नवंबर तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा का ऐलान हो चुका है. अभी तक श्रीराम कथा तीन दिन होनी थी, लेकिन राजा भैया के अनुरोध को धीरेंद्र शास्त्री ने स्वीकार कर लिया. ऐसे में अब श्रीराम कथा चार दिन चलेगी. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा की गई बयानबाजी के बाद राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात एक दिन की अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया. अब इस घटनाक्रम ने धार्मिक आयोजन को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है.
बेंती मैदान पर तेजी से चल रहा काम
इस कथा की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बेंती का मैदान इस वक्त किसी छावनी या महायुद्ध के मैदान जैसी तैयारियों का गवाह बन रहा है. लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए बेंती मैदान पर युद्धस्तर पर काम जारी है. विशाल वाटरप्रूफ पंडाल लगाया जा रहा है. मैदान में बिजली के खंभे, हाई-पावर ट्रांसफार्मर और मीलों लंबी वॉटर पाइपलाइनें बिछाई जा रही हैं. देश और प्रदेश के तमाम बड़े दिग्गजों और सियासत के वीवीआईपी मेहमानों के आगमन के लिए खास हेलीपैड भी तैयार किए जा रहे हैं.
पाकिस्तान से भारत आएं हिंदू शरणार्थी होंगे शामिल
राजा भैया ने कहा कि चार दिनों तक कुंडा में श्रीराम कथा का आयोजन होगा. इस दौरान बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा सुनाएंगे और उनका दिव्य दरबार भी लगेगा. बाबा की कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. इस आयोजन में पाकिस्तान से भारत आए हिंदू शरणार्थी भी शामिल होंगे. ये वे लोग हैं, जिन्हें पाकिस्तान में परेशानियों और अत्याचारों का सामना करना पड़ा और वे भारत आकर बस गए. ऐसे में इस कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी खास होगी.
सियासी केंद्र में कुंडा की श्रीराम कथा
बाबा बागेश्वर के मंच पर इन हिंदू शरणार्थियों की भागीदारी से कार्यक्रम को एक अलग पहचान मिलेगी. चार दिनों तक चलने वाली इस कथा में भक्ति, आस्था और इंसानियत का संदेश देखने को मिलेगा. बता दें कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बागेश्वर बाबा के बहाने राजा भैया पर हमला बोला था. अखिलेश यादव ने कहा था कि धीरेंद्र शास्त्री कथा कहकर चले जाएंगे, लेकिन आयोजकों को वहीं रहना है. कुंडा में होने वाली रामकथा को लेकर सियासी केंद्र में आ गई है.
यह भी पढ़ें : बीजेपी को रोकने के लिए गठबंधन को तैयार: नगीना सांसद का बड़ा बयान