4 महीने पहले ब्याही मुस्कान की रहस्यमयी मौत: होटल लॉबी में गिरते ही थमी सांसें, पुलिस हिरासत में बैंक मैनेजर पति
झांसी के एक होटल में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. चेक आउट के दौरान वह अचानक जमीन पर गिर गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. मृतका के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है.
झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के होटल ऋषभ में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला अपने पति के साथ होटल में ठहरी थी. होटल से चेक आउट के दौरान वह अचानक जमीन पर गिर गई, जिसके बाद उसके सिर से खून बहने लगा. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका के पिता ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है.
फिलहाल पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी.
दो दिन से होटल में ठहरे थे पति-पत्नी
जानकारी के मुताबिक, मृतका का पति नीलेश बैंक मैनेजर है. 23 अक्टूबर से नीलेश पत्नी के साथ होटल के कमरा नंबर 212 में रुका हुआ था. सोमवार सुबह दोनों दंपती के चेकआउट करने के बाद दोनों किसी काम से अंदर की ओर लौट रहे थे, तभी होटल के दरवाजे पर मुस्कान अचानक जमीन पर गिर गई. उसके सिर में चोट लगने से खून बहने लगा. होटल कर्मियों की मदद से नीलेश पत्नी को उठाकर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसी साल जून में मुस्कान की शादी हुई थी.
होटल लॉबी का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
इस बीच होटल की लॉबी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पति-पत्नी होटल के कर्मचारी के साथ कमरे की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं. एक शख्स के पीछे मुस्कान का पति चल रहा है और सबसे पीछे मुस्कान चलती नजर आ रही है. जैसे ही वह कमरे के भीतर दाखिल हुई और चंद सेकेंड के भीतर ही मुस्कान कमरे के दरवाजे के बाहर गिरती नजर आई. फुटेज में दिख रहा है कि नीचे गिरते ही निलेश ने तुरंत उसे उठाया.
इस घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी, सीओ सिटी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पति नीलेश को हिरासत में ले लिया है और मामले में पूछताछ कर दी है. एसपी सिटी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी.
मृतका के पिता ने लगाए संगीन आरोप
बताया जा रहा है कि मुस्कान पारिवारिक विवाद की वजह से अपने मायके में रह रही थी. मृतका के पिता रामजी लाल का कहना है कि 23 अक्टूबर को नीलेश उनकी बेटी को अपनी मौसी के घर गणेश बिहार ले जाने की बात कहकर साथ ले गया था. मृतका के पिता का आरोप है कि पति के किसी अन्य महिला से संबंध थे. जिसके चलते उन्होंने बेटी की हत्या की आशंका जताई है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
(झांसी से अब्दुल सत्तार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: दूध जल्दी मांगने की खौफनाक सजा: अलीगढ़ में हैवान बना दुकानदार, मासूम को जबरन गर्म कड़ाही पर बैठाया