सुबह मां को दी अंतिम विदाई, शाम को लखनऊ में कार्यक्रम में पहुंचे CM योगी! जयंत चौधरी ने की समर्पण की तारीफ
लखनऊ में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि कठिन समय में भी हमारे बीच में आकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता के प्रति अपने समर्पण का परिचय दिया.
सुबह हरिद्वार में मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार और फिर शाम को लखनऊ में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्पण की केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने जमकर तारीफ की है. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी के बीच एक ही दिन में शोक, अंतिम संस्कार और फिर सार्वजनिक दायित्व निभाने के इस संकल्प ने मंच पर मौजूद नेताओं और अतिथियों का ध्यान खींचा. जयंत चौधरी ने कठिन समय में भी कर्तव्य के प्रति सीएम योगी के इस जुड़ाव पर कहा कि उन्होंने जनता के प्रति अपने समर्पण का परिचय दिया और हम सभी के सामने कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण रखा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए शनिवार (21 नवंबर) का दिन जीवन के सबसे कठिन दिनों में रहा. शनिवार की सुबह हरिद्वार में उनकी मां सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन हो गईं. सीएम योगी सुबह मां की तस्वीर पर श्रद्धांजलि देतु हुए भावुक हो गए. फिर उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और हरिद्वार में अंतिम संस्कार में शामिल हुए. इसके बाद युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के सपने को साकार करने के लिए लखनऊ निकल गए. लखनऊ पहुंचकर शाम को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए.
चेहरे पर साफ दिख रही थी मां के बिछड़ने की पीड़ा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की धरा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य अतिथियों का स्वागत किया, लेकिन उनके चेहरे पर मां के बिछड़ने की पीड़ा साफ देखी जा सकती थी. हालांकि, उन्होंने अपनी भावनाओं को काबू में रखते हुए युवाओं को संबोधित किया और प्रदेश के युवाओं के भविष्य पर बात की. उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्किल्ड युवाओं के जीवन में आए बदलाव की कहानी भी देशवासियों को बताई. इस तरह सीएम योगी ने एक ही दिन में एक पुत्र और प्रदेश के मुखिया, दोनों का दायित्व निभाई.
मां के निधन की सूचना के बाद भी युवाओं के बीच डटे रहे CM योगी
सीएम योगी की मां सावित्री देवी का शुक्रवार (20 नवंबर) को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में निधन हो गया. जब सीएम योगी की मां की सूचना मिली, तब सीएम योगी गोरखपुर में युवाओं को टैबलेट वितरित करने के बाद उनसे संवाद कर रहे थे. उन्होंने पहले कार्यक्रम खत्म किया और फिर गोरखपुर से निकले और मां के अंतिम दर्शन करने अपने पैतृक गांव पहुंचे. जीवन के सबसे दुखी पल में सभी ने उन्हें संबल दिया और ईश्वर से मां को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक-संतप्त परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.