एसआईआर पर घमासान: श्रीकांत शर्मा ने याद दिलाया कसाब का कलावा, 'राहुल एंड कंपनी' को घेरा
Mathura Voter List Controversy: हिमाचल प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया है. उन्होंने पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब और उसके हाथ में बंधे कलावे का जिक्र किया. श्रीकांत शर्मा ने उदाहरण देते हुए कहा कि जो लोग अपनी असली पहचान छुपाकर देश में रह रहे थे, उनके वोट काटे जा रहे हैं और राहुल गांधी ऐसे ही फर्जी लोगों की वकालत में जुटे हैं.
Mathura Voter List Controversy/ कन्हैया लाल शर्मा: इन दिनों देश भर में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जबरदस्त सियासी घमासान देखने को मिल रहा है. एक तरफ जहां सत्तापक्ष इसे निष्पक्ष चुनावों के लिए बेहद जरूरी कदम बता रहा है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष इसे लेकर लगातार हमलावर है. इस बढ़ते सियासी तनाव के बीच हिमाचल प्रदेश के प्रभारी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ भाजपा विधायक श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पूरे विपक्ष पर अब तक का सबसे तीखा प्रहार किया है.
कसाब का कलावा और फर्जी वोट का 'SIR'
मथुरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्रीकांत शर्मा ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब आतंकवादियों ने मुंबई पर हमला किया था, उस समय कांग्रेस की सरकार थी. पकड़ा गया आतंकी अजमल कसाब अपनी पहचान छुपाने के लिए हाथ में कलावा बांधकर आया था. ठीक उसी तरह भारत में कई लोग अपनी पहचान छुपाकर अवैध रूप से रह रहे थे. मतदाता सूची के शुद्धिकरण के तहत ऐसे फर्जी लोगों के नाम और वोट काटे गए हैं.
उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर SIR अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे ही संदिग्ध और फर्जी लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाकर लोकतंत्र को साफ-सुथरा बनाना है.
राहुल गांधी और विपक्ष पर श्रीकांत शर्मा का निशाना
श्रीकांत शर्मा ने सीधे राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि फर्जी वोट कटने से सबसे ज्यादा परेशानी 'राहुल गांधी एंड कंपनी' को हो रही है. वे पहचान छुपाकर रहने वाले घुसपैठियों और अवैध लोगों की पैरवी कर रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि एक तरफ कांग्रेस लोकतंत्र बचाने का ढोंग करती है और दूसरी तरफ देश को नुकसान पहुंचाने वाली राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ खड़ी होकर लोकतंत्र को तार-तार कर रही है.
असली भारतीयों को डरने की जरूरत नहीं
भाजपा विधायक ने साफ किया कि इस अभियान से किसी भी वैध भारतीय नागरिक को घबराने की जरूरत नहीं है. जिनका नाम गलती से कट गया है, वे स्थानीय अधिकारियों (तहसीलदार, , लेखपाल, पंचायत सचिव) से संपर्क कर आसानी से दोबारा वोट बनवा सकते हैं. उन्होंने जनता से अपील की है कि वे देशविरोधी ताकतों के बहकावे में न आएं और अपने बच्चों को किसी भी तरह के हिंसक या भ्रामक धरना-प्रदर्शनों से दूर रखें.