SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

खौफनाक वारदात: हाथ खिड़की में फंसाए, शीशे बंद किए और डेढ़ किमी घसीटा...कानपुर में बीरू की बेरहमी से हत्या

कानपुर में पुरानी रंजिश ने एक परिवार की खुशियां निगल लीं. यहां हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के अर्रा के एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. हत्या से पहले आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

Written By Pooja Singh
Published: Oct 22, 2026, 10:26 AM IST | Updated: Oct 22, 2026, 10:40 AM IST
Join

कानपुर, प्रवीण पांडे: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से दिल दहला देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. जिले में पुरानी रंजिश के चलते खूनी खेल खेला गया. यहां दबंगों ने एक 37 वर्षीय युवक की बर्बरता से हत्या कर दी. आरोप है कि दबंगों ने पहले युवक को कार की छत पर पटका, फिर उसके हाथ कार के शीशों में फंसाकर गाड़ी को करीब डेढ़ किलोमीटर तक तेज रफ्तार में दौड़ाया. जब युवक सड़क पर गिरा, तो आरोपियों ने उसके ऊपर कार चढ़ा दी. इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है.

दशहरा मेला देखकर लौट रहा था बीरू
पूरी वारदात हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के अर्रा इलाके की है. परिजनों के मुताबिक, बीरू सिंह भदौरिया मंगलवार रात को दशहरा मेला देखकर खुशी-खुशी अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया. दबंगों ने पहले बीरू के साथ जमकर मारपीट की और फिर कार से टक्कर मारकर उन्हें गाड़ी की छत पर गिरा दिया.

शीशों में हाथ फंसाकर डेढ़ KM तक दौड़ाया
इसके बाद आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. आरोप है कि बीरू भाग न सकें, इसके लिए हमलावरों ने कार के शीशे नीचे कर उनके दोनों हाथ खिड़कियों के अंदर फंसाए और फिर शीशे बंद कर दिए. बीरू कार की छत पर तड़पते रहे और आरोपी गाड़ी को डेढ़ किलोमीटर तक सड़कों पर दौड़ाते रहे. राजेंद्र नगर में अश्वनी ट्रेडिंग कंपनी के पास जब बीरू बेसुध होकर सड़क पर नीचे गिरे, तो आरोपियों ने दरिंदगी दिखाते हुए उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी और मौके से फरार हो गए. वहीं, घटनास्थल के पास से गुजर रहे देवेंद्र सिंह चौहान ने बीरू को पहचान लिया. फिर तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी.

CCTV में कैद हुई वारदात
परिजनों के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल बीरू को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बीरू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना से आक्रोशित परिजनों ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. इस मामले में ACP नौबस्ता अभिषेक राहुल का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी.

बताया जा रहा है कि बीरू एक फूड प्रोडक्ट कंपनी में सेल्समैन थे. उनके परिवार में पत्नी रीना, दो बेटियां सीवी और ईशानी, बेटा विराज, पिता राम शंकर सिंह और बड़े भाई कुलदीप सिंह भदौरिया हैं. परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले बीरू का खाड़ेपुर नई बस्ती निवासी राजवीर और मेवालाल से विवाद हुआ था. आरोप है कि इसी विवाद के चलते उनकी हत्या हुई है.

यह भी पढ़िए: गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: दिल्ली से लौट रहे होटल कारोबारी और बेटी की मौत, झपकी ने उजाड़ दिया परिवार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES