SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'मेरे बेटे का जबड़ा और पसलियां टूटी थीं'...शिवा शर्मा की मां का छलका दर्द, सामने आया सनसनीखेज CCTV फुटेज

Shiva Sharma Lucknow Death Case: लखनऊ के हजरतगंज इलाके में 28 वर्षीय शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में मृत युवक की मां के बयानों और सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने कई गंभीर और डरावने सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस इस मामले में हत्या, ब्लैकमेलिंग और साजिश के हर एंगल से गहनता से जांच कर रही है.

Edited By Preeti Chauhan
Published: Oct 13, 2026, 01:53 PM IST | Updated: Oct 13, 2026, 02:05 PM IST
Image Credit: Shiva Sharma Death Case
Join

Shiva Sharma Lucknow Death Case:  राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में 28 वर्षीय कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है. शिवा की मां रंजना शर्मा ने उनकी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, ड्राइवर और सहयोगी आदिल समेत अन्य लोगों पर हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. घटना के बाद से श्रद्धा और अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है.

इस बीच,शिवा की मौत से जुड़े CCTV फुटेज सामने आए हैं. इनमें एक व्यक्ति चौथी मंजिल से नीचे गिरता दिखाई देता है. हालांकि, फुटेज से यह स्पष्ट नहीं होता कि शिवा किन परिस्थितियों में नीचे गिरे थे.

मां का आरोप-बेटे के शरीर पर थे चोट के निशान
शिवा की मां रंजना शर्मा के मुताबिक, घटना की रात उन्हें रश्मि दुबे नाम की महिला का फोन आया था. उन्हें बताया गया कि उनके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है. रंजना के अनुसार, वह पहले RML अस्पताल पहुंचीं, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि शिवा को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ले जाया गया है.रंजना शर्मा का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने बेटे के शरीर पर कई चोटों के निशान देखे. उनके मुताबिक, शिवा की आंख, नाक और जबड़े पर चोट थी. उन्होंने शरीर पर सिगरेट से जलाने के निशान होने के साथ पैर और पसली टूटने का भी दावा किया है. मां का कहना है कि बेटे की हालत देखकर उन्हें उसकी मौत को लेकर गंभीर संदेह हुआ.

चार महीने से साथ रहने और ब्लैकमेलिंग का आरोप
रंजना शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनका बेटा पिछले करीब चार महीने से श्रद्धा दुबे के संपर्क में था और उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. मां का दावा है कि श्रद्धा बेटे को कथित तौर पर झूठे मुकदमों में फंसाने और बदनाम करने की धमकी देती थी.

शिकायत में ब्लैकमेलिंग और दबाव का जिक्र
उनके अनुसार, शिवा पर साथ रहने का दबाव बनाया जा रहा था और उसे ब्लैकमेल भी किया जाता था. मां ने अपनी शिकायत में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, ड्राइवर, आदिल और कुछ अन्य अज्ञात लोगों पर बेटे की हत्या में शामिल होने की आशंका जताई है.

CCTV में क्या दिखा?
सामने आए CCTV फुटेज में एक व्यक्ति अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से नीचे गिरता दिखाई देता है. घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचते हैं. इसके बाद घायल युवक को कार से अस्पताल ले जाया जाता है. मृतक की पहचान कारोबारी शिवा शर्मा के रूप में हुई है.

हजरतगंज के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक, फुटेज में शिवा के गिरने के बाद कुछ लोग सीढ़ियों से तेजी से नीचे उतरते दिखाई दिए. एक अन्य फुटेज में अपार्टमेंट से ऑडी कार निकलती नजर आने की बात भी सामने आई है. पुलिस जांच कर रही है कि इस कार का घटना से कोई संबंध था या नहीं.बिल्डिंग के अंदर के CCTV में सीढ़ियों से तेजी से उतरते दिखाई दे रहे व्यक्ति को लेकर भी चर्चा है कि वह श्रद्धा का ड्राइवर हो सकता है. हालांकि, उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

श्रद्धा और अन्य लोगों की तलाश
शिवा की मौत के बाद से श्रद्धा दुबे और अन्य नामजद लोगों की तलाश की जा रही है. पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है. मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी अहम होगी, जिससे मौत की परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि शिवा चौथी मंजिल से किन परिस्थितियों में नीचे गिरे थे. पुलिस जांच के बाद ही मौत की वजह और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी.

कैफे कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश तेज हो गई है. पूछताछ के दौरान श्रद्धा की मदद करने वाले परिचित आमिर ने बताया कि घटना वाले दिन वह श्रद्धा और उसकी बहन को लेकर बहराइच के रूपईडीहा बॉर्डर तक गया था. इसके बाद पुलिस को आशंका है कि दोनों भारत-नेपाल सीमा के रास्ते नेपाल पहुंची हो सकती हैं.  हालांकि, आरोपी श्रद्धा के नेपाल जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

शिवा शर्मा केस: फ्रेंड ने पुलिस को बताया कि श्रद्धा दुबे को नेपाल सीमा तक छोड़कर आया, खंगाले जा रहे CCTV

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES