)
Lucknow Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे के नेपाल फरार होने के बीच उसका वीडियो सामने आया है. वीडियो में वह कह रही है कि मैं कहीं भागी नहीं हूं. शिवा की हत्या नहीं हुई, उसने सुसाइड किया था. श्रद्धा दुबे ने कहा कि मेरी आप सभी से रिक्वेस्ट है प्लीज मेरे नाम को ऐसे न उछालिए. आप लोगों ने मेरा नाम कई नेताओं और अफसरों से जोड़ा है. मेरा नाम हर किसी के साथ नाम जोड़िए.
श्रद्धा दुबे का वीडियो आया सामने
श्रद्धा दुबे का कहना है कि वह भागी नहीं है और पुलिस के सामने आकर सब सच बताना चाहती है, लेकिन खराब सेहत की वजह से सामने नहीं आ पा रही. मैं पुलिस के सामने आकर सब कुछ सच-सच बताना चाहती हूं और बयान दर्ज कराना चाहती हूं, लेकिन मेरी हालत देखिए, मैं इस समय बिल्कुल ठीक नहीं हूं. मैं फिजिकली फिट नहीं हूं, इसलिए सामने नहीं आ पा रही हूं.
गैंगस्टर से कनेक्शन पर दी सफाई
श्रद्धा ने वीडियो में कहा है कि अगर कोई उसके इंस्टाग्राम से जुड़ा है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि उसका किसी से कोई खास कनेक्शन है. उसने सफाई देते हुए कहा कि वे किसी को नहीं जानती हैं और बेवजह की अफवाहें न फैलाई जाएं. श्रद्धा ने यह भी कहा कि किसी भी लड़की के बारे में कुछ भी बोलने से पहले लोगों को सोचना चाहिए, क्योंकि उसने इस मामले में कोई गुनाह नहीं किया है और न ही उसने कुछ गलत किया है.
शिवा की मौत को लेकर श्रद्धा का दावा
पुलिस के सामने बयान दर्ज कराने की बात पर श्रद्धा ने वीडियो में कहा कि वह सच्चाई सामने लाना चाहती हैं और पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराना चाहती हैं. शिवा शर्मा की मौत पर उसने वीडियो में दावा किया है कि अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर हुई शिवा की मौत कोई साजिश या मर्डर नहीं, बल्कि शिवा ने खुदकुशी की थी.
गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश
वहीं, इस मामले पर डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने दो टूक कह दिया है कि नामजद आरोपी श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. वीडियो जारी करके सहानुभूति बटोरने या कानूनी शिकंजे से बचने की कोशिशों के बजाय आरोपी को कानून का सामना करना होगा. पुलिस घटना से जुड़े सभी मौखिक, वैज्ञानिक, सीसीटीवी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.