सुबह की मीठी नींद बन गई काल: अपार्टमेंट की पार्किंग में उठी चिंगारी ने छीनी दो जिंदगियां, मां झुलसी और बेटे ने तोड़ा दम
कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में आग का तांडव देखने को मिला. यहां भीषण आग लग गई. सुबह 4:30 बजे शॉर्ट सर्किट से पार्किंग में आग लग गई. जिसमें झुलस कर महिला और किशोर की मौत हो गई. जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
उत्तर प्रदेश के कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र में पटकापुर चौकी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राधिका अपार्टमेंट में सुबह करीब साढ़े चार बजे अचानक आग लग गई. इस हादसे में एक महिला और 15 साल के लड़के की मौत हो गई है. सूचना मिलने के बाद तुरंत पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. फिर इस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
शॉर्ट सर्किट से लगी अपार्टमेंट में आग
शुरुआती जांच में अपार्टमेंट के नीचे पार्किंग में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात सामने आई है. घटना की जानकारी देते हुए एसीपी अमित पांडे ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे पुलिस को राधिका अपार्टमेंट में आग लगने की खबर मिली थी. इसके तुरंत बाद दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया और आग बुझाने का काम शुरू हुआ.
करीब 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
उन्होंने बताया कि इस अपार्टमेंट में करीब 12 फ्लैट हैं और आग लगने की वजह से कुछ लोग बगल की दीवारों से सटे हिस्सों में फंस गए थे. दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर एक बुजुर्ग, कुछ महिलाओं और बच्चों समेत करीब छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. जबकि, बेहोशी की हालत में मिले एक व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
महिला और किशौर की दर्दनाक मौत
डॉक्टर शुभम जैन ने बताया कि राधिका अपार्टमेंट की घटना से जुड़े कुल चार मरीज अस्पताल लाए गए थे. इनमें से राखी नाम की महिला और 15 वर्षीय प्रांजुल बोथम की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी, जिनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. इसके अलावा प्रांजुल की मां मीता करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गई हैं और उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है.
डॉक्टर शुभम जैन ने आगे बताया कि आग से बचने के लिए नीचे कूदने से वैभव गुप्ता नाम के युवक की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल के न्यूरो विभाग में रेफर किया गया है.
(कानपुर से प्रवीण पांडेय की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: हत्या या आत्महत्या? शिवा हत्याकांड में डमी टेस्ट से मिले नए सुराग, श्रद्धा दुबे की बढ़ेंगी मुश्किलें