नामर्द कहने पर बुरी फंसी राखी सावंत: 16 साल पुराने केस में कोर्ट का बड़ा फैसला, अरेस्ट कर झांसी लाया जाएगा
16 साल पुराने सुसाइड केस में झांसी कोर्ट ने अभिनेत्री राखी सावंत की गिरफ्तारी का आदेश दिया है. आरोप है कि टीवी शो के दौरान सार्वजनिक रूप से एक युवक को नामर्द कह दिया था.
झांसी से बॉलीवुड एक्ट्रेस राखी सावंत से जुड़ा 16 साल पुराना मामला फिर सुर्खियों में आ गया है. प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हसारी निवासी लक्ष्मण को टीवी शो 'राखी का इंसाफ' में सार्वजनिक रूप से नामर्द कहने के मामले में कोर्ट ने राखी सावंत को गिरफ्तार कर 1 दिसंबर तक न्यायालय में पेश करने के आदेश दिए हैं. लक्ष्मण शो के बाद बेइज्जती को बर्दाश्त नहीं कर पाया और सदमे में आ गया, फिर घर आकर उसने आत्महत्या करके अपनी जान दे दी थी.
2010 में लक्ष्मण ने कर ली थी आत्महत्या
जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी मृदुल कांत श्रीवास्तव ने बताया कि यह पूरा मामला 19 फरवरी 2010 का है. प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हसारी के रहने वाले लक्ष्मण की शादी अनीता के साथ हुई थी. पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होता था. इसी दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत मुंबई में 'राखी का इंसाफ' नाम से एक टीवी शो चलाती थीं. उन्होंने इस पति-पत्नी के विवाद को भी अपने शो में उठाया. शो के दौरान राखी सावंत ने लक्ष्मण को सार्वजनिक रूप से अशब्द कहे और नामर्द तक कह दिया. शो में हुई इस बेइज्जती को लक्ष्मण बर्दाश्त नहीं कर पाया. झांसी लौटकर घर में आत्महत्या कर ली थी.
लक्ष्मण की मां ने दर्ज कराई थी एफआईआर
इस घटना के बाद लक्ष्मण की मां सावित्री ने प्रेमनगर थाने में राखी सावंत के खिलाफ केस दर्ज कराया था. पुलिस ने राखी सावंत के खिलाफ धारा 306, 504 और 120 बी के तहत मामला दर्ज कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था, तब से यह मामला न्यायालय में चल रहा था. अब 16 साल बाद इस मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. 16 अक्टूबर 2026 को न्यायालय ने सुनवाई करते हुए राखी सावंत के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है. कोर्ट ने आदेश दिया है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस को गिरफ्तार कर 1 दिसंबर तक न्यायालय में उपस्थित किया जाए. अब इस वारंट के बाद राखी सावंत को झांसी आना पड़ेगा और कोर्ट में अपनी जमानत करानी पड़ेगी.