फिरोजाबाद में सरेआम गोलियों की तड़तड़ाहट: पत्नी को प्रेमी संग देख पति ने खोया आपा, सीने और पसली में उतारीं गोलियां
Firozabad Crime News: फिरोजाबाद के कोटला चुंगी चौराहे पर देर रात एक पति ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को एक साथ दुकान में बैठा देख ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. हमले में प्रेमी के सीने में और पत्नी के हाथ, कमर व पसली पर गोलियां लगीं. दोनों को ट्रॉमा सेंटर से प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया.
Firozabad Crime News/ प्रेमेंद्र कुमार: कांच नगरी फिरोजाबाद का सबसे व्यस्ततम इलाका कोटला चुंगी मंगलवार की देर रात अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा. उत्तर थाना क्षेत्र की सड़कों पर जब लोग अपनी धुन में आ-जा रहे थे, तभी एक इंटरनेट कैफे के भीतर खूनी साजिश और नफरत का ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए.
क्या है ये पूरा मामला?
यह मामला शिवा इंटरनेट सर्विस का है. दुकान के मालिक जितेंद्र उर्फ सनी का काफी समय से शिप्रा तेलंग नाम की महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. देर रात शिप्रा अपने प्रेमी सनी की दुकान पर उससे मिलने पहुंची. बंद शटर और कैफे की आड़ में दोनों बैठकर बातें कर ही रहे थे कि इस मुलाकात की भनक महिला के पति ऋषभ तेलंग को लग गई.
पति ने पत्नी और उसके प्रेमी को मारी गोली
गुस्से में आगबबूला होकर ऋषभ दुकान पर आ धमका. आंखों के सामने पत्नी को उसके प्रेमी के साथ बैठा देख उसने अपना आपा खो दिया. फिर उसने बिना एक पल गंवाए अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली. इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते, ऋषभ ने ताबड़तोड़ अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
गोलियों की आवाज से पूरा कोटला चुंगी इलाका दहल गया. एक गोली सनी के सीधे सीने में जा धंसी, जबकि पत्नी शिप्रा के हाथ, कमर और पसली में कई गोलियां लगीं. दोनों खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े. वारदात को अंजाम देकर आरोपी पति मौके पर ही अपनी रिवॉल्वर फेंककर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर जुटे लोग और पुलिस ने घेराबंदी करके उसे रंगे हाथों दबोच लिया.
गोलीकांड से पूरे शहर में दहशत
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को आनन-फानन में ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत आगरा के लिए रेफर कर दिया. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. इस पूरी वारदात ने पूरे फिरोजाबाद शहर को झकझोर कर रख दिया है.
एसएसपी का कहना है कि पुलिस टीम ने सबसे पहले घायल महिला और युवक को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी में भिजवाया. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगरा रेफर किया है. पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिली रिवॉल्वर जब्त कर ली है. इसके साथ ही लोगों की मदद से आरोपी ऋषभ को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है.