हाथरस में दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार बाप-बेटे को रौंदा, बाइक जलकर राख; परिवार में कोहराम
Hathras Road Accident: हाथरस के सासनी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिर फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई.
Hathras Road Accident/ सुमित कुमार: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सासनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थी.
आश्रम से पिता को घर ला रहा था बेटा
जानकारी के अनुसार, हाथरस के नहरोई गांव निवासी 40 वर्षीय शैलेंद्र एटा की एक मुरब्बा फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी प्रीति और पांच बच्चे (चार बेटियां और एक बेटा) हैं. मृतक के बड़े भाई लग्न सिंह ने बताया कि उनके 73 वर्षीय पिता भगवती प्रसाद पिछले 20 सालों से बुलंदशहर के अनूपशहर में एक आश्रम में रहकर भजन-कीर्तन करते थे और करीब छह महीने में एक बार अपने घर आते थे.
अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
मृतक के बड़े भाई लग्न सिंह के मुताबिक, शुक्रवार सुबह शैलेंद्र को उनके पिता की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह अपने पिता को घर वापस लाने के लिए आश्रम गए थे. दोपहर करीब एक बजे वह अपने पिता को बाइक पर बैठाकर वापस अपने गांव नहरोई लौट रहे थे. तभी आगरा की तरफ से आ रहे गैस सिलेंडर से लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी.
क्षत-विक्षत हो गए शव, चालक फरार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का पहिया दोनों पिता-पुत्र के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनके शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दमकल विभाग को बुलाया, जिन्होंने समय रहते जलती हुई बाइक की आग पर काबू पाया.
फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने गैस सिलेंडर से लदे वाहन और क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है. वहीं, दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सासनी थाना पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं. फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.