SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हरदोई में खाद का बड़ा खेल बेनकाब: बिल में ‘कच्चा माल’ ट्रक में मिलीं 820 बोरियां

यूपी एसटीएफ और कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी कर 41 हजार किलोग्राम खाद बरामद की है. बताया गया कि हरियाणा के हिसार से खाद की खेप लाई गई थी.

Written By Amitesh Pandey
Published: Oct 17, 2026, 11:20 PM IST | Updated: Oct 17, 2026, 11:25 PM IST
Image Credit: Z Creative (AI Image)
Join

हरदोई में किसानों की खेती और उनकी गाढ़ी कमाई से जुड़े उर्वरक कारोबार में बड़ा मामला सामने आया है. पिहानी थाना क्षेत्र के जहानीखेड़ा स्थित हरियाली किसान सेवा केंद्र पर STF और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 41 हजार किलोग्राम खाद बरामद की. हरियाणा नंबर के ट्रक HR46G5567 से खाद की बोरियां उतारी जा रही थीं. मौके पर ट्रक में 775 और दुकान में पहले से उतारी जा चुकीं 45 बोरियां मिलीं. कुल 820 बोरियों में 600 हरे रंग की और 220 पीले रंग की थीं. प्रत्येक बोरी 50 किलोग्राम की थी. कार्रवाई के बाद मामले में FIR दर्ज होने से उर्वरक कारोबार और आपूर्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच तेज हो गई है.

ट्रक से उतारी जा रही थीं खाद की बोरियां 
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चन्द्र पाठक की तहरीर के मुताबिक, ट्रक चालक ने इनवॉइस और ई-वे बिल प्रस्तुत किया, जिसमें माल का विवरण ‘RAW GRANDUVELS’ दर्ज था, जबकि मौके पर खाद बोरियों में उतारी जा रही थी. दस्तावेजों में दर्ज विवरण और मौके पर मिले माल के बीच इस अंतर को लेकर जांच की जा रही है. खाद हरियाणा के हिसार स्थित श्री कृष्ण सुदामा एग्रो टानिक फर्म से लाई गई थी. कृषि विभाग ने इसे नियमों के विपरीत आपूर्ति का मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की है.

नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए 
संयुक्त टीम ने हरी बोरियों से दो, पीली बोरियों से एक और दुकान में रखे अन्य उर्वरकों से पांच नमूने लिए. कुल आठ नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं. कार्रवाई के दौरान 16 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे चौगानपुर निवासी अखिलेश कुमार को हिरासत में लिया गया था. खाद की गुणवत्ता और उसकी वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगी.

जिला कृषि अधिकारी ने दर्ज कराई एफआईआर 
जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर हिसार की श्री कृष्ण सुदामा एग्रो टानिक फर्म, रजनीश पुत्र हीरालाल, अखिलेश कुमार पुत्र मदनपाल और हरियाली किसान सेवा केंद्र के प्रोपराइटर कुलदीप पुत्र गंगा सिंह को नामजद किया गया है. पिहानी थाने में FIR संख्या 0508 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अब आपूर्ति के दस्तावेजों, खाद की गुणवत्ता और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है. अगर कोई नेटवर्क काम कर रहा होगा, तो उसपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. 
 

(हरदोई से आशीष द्विवेदी की रिपोर्ट) 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES