App

हापुड़ में पत्रकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: दिवाली पर विज्ञापन लेने गए थे, दबंगों ने बोला हमला

हापुड़ में दिवाली पर विज्ञापन लेने लिए गए पत्रकार को दबंगों ने हमला बोल दिया. आरोप है कि दबंगों ने लात घूंसों से मारा पीटा. तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया.

हापुड़ में पत्रकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: दिवाली पर विज्ञापन लेने गए थे, दबंगों ने बोला हमला
Image Credit: Hapur Police

हापुड़ में रविवार को एक 45 वर्षीय पत्रकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और आनन-फानन में तीन थानों की फोर्स अस्पताल व मौके पर पहुंच गई. मृतक के साथ मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ने विज्ञापन मांगने को लेकर दबंगों द्वारा मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है.

हापुड़ की घटना 
हापुड़ के कोठी गेट निवासी 45 वर्षीय पत्रकार नसीम रविवार को जरौठी रोड पर गए थे. प्रत्यक्षदर्शी सलाउद्दीन के अनुसार, वे लोग दीपावली के विज्ञापन के सिलसिले में जरौठी रोड स्थित अशोक कुमार तोड़ी वालों के यहां गए हुए थे. गाड़ी में नसीम अहमद और ड्राइवर बैठे थे, जबकि सलाउद्दीन के साथ दो महिलाएं भी मौजूद थीं. सलाउद्दीन का आरोप है कि विज्ञापन मांगने की बात पर वहां विवाद शुरू हो गया. आरोपियों ने उन्हें फर्जी पत्रकार बताते हुए वहां से भगाने की कोशिश की और देखते ही देखते 8 से 10 लोगों ने उन पर हमला बोल दिया.

लात-घूंसों से मारने पीटने का आरोप  
प्रत्यक्षदर्शी का दावा है कि उसके साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की गई. इसके बाद पत्रकार नसीम की अचानक तबीयत बिगड़ गई. आनन-फानन में नसीम को हापुड़ की गढ़ रोड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई तथा परिवार में कोहराम मच गया. हालात की गंभीरता को देखते हुए हापुड़ एसपी सहित हापुड़ देहात, हापुड़ कोतवाली और बाबूगढ़ थाने की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंच गई.

दिवाली का विज्ञापन लेने गए थे 
एसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मामला थाना हापुड़ देहात का है. नसीम पुत्र शमीम जनवाणी दैनिक के पत्रकार थे और यहां पर एक फ्लोर मिल पर दिवाली का विज्ञापन लेने के लिए आए थे. बताया गया कि इनके साथ यहां पर मारपीट हुई है और अस्पताल ले जाते समय, अस्पताल में इनकी मृत्यु हो गई है. इस संबंध में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मौके पर कानून व्यवस्था की स्थिति सही है, जो भी तथ्य आएंगे जांच से उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

तीन थानों की फोर्स तैनात 
वहीं, घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. तीन थानों की पुलिस टीम अस्पताल में डेरा डाले हुए है और पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है. पुलिस का कहना है कि हर पहलू की जांच की जा रही है और मौत के असल कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.

(हापुड़ से अभिषेक माथुर की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More