ग्रेटर नोएडा 5 मौतों का मामला: दो बहनों और जीजा के खिलाफ FIR, मृतका के भाई ने लगाए ये संगीन आरोप
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा के नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में बड़ी बहन बहनोई और छोटी बहन पर मुकदमा किया गया है. मृतका ललिता के भाई आकाश की तहरीर के आधार पर यह मुकदमा दर्ज हुआ है. मृतका के भाई ने ससुरालवालों पर संगीन आरोप लगाए हैं. जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ग्रेटर नोएडा, भूपेश प्रताप: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में मृतका ललिता के भाई आकाश की तहरीर पर पुलिस ने महेश की दोनों बहनों और बहनोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है.
संपत्ति हड़पने और प्रताड़ना का संगीन आरोप
मृतका के भाई आकाश जैतपुर गांव के रहने वाले हैं. ज़ी मीडिया से बातचीत के दौरान आकाश ने आरोप लगाया है कि महेश की बहनों और जीजा ने मां को भड़काकर महेश और ललिता की संपत्ति को जबरन अपने नाम कराने की साजिश रची थी. संपत्ति के लालच में वे लगातार महेश और उसकी पत्नी ललिता को प्रताड़ित कर रहे थे.
यह भी पढ़िए: अमित कश्यप मर्डर केस: पत्नी और उसके प्रेमी की सजा पर आज आएगा फैसला, सांप से डसवाने की रची गई थी खौफनाक साजिश
आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज
आकाश ने तो यह तक आरोप लगाया कि उन्हें शक है कि नूडल्स में जहरीला पदार्थ मिलाकर मां या बहनों ने ही मेरे जीजा और बहन और भांजे-भांजी को दिया हो. फिलहाल पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.
'रामलीला देखने बुलाया था'
इस दर्दनाक घटना के बाद से ललिता के मायके में मातम पसरा हुआ है. एक ही झटके में उनकी बहन, उनका जीजा और भांजे-भांजी दुनिया छोड़कर चले गए और पूरी हंसती-खेलती दुनिया उजड़ गई. ज़ी मीडिया से बातचीत के दौरान आकाश ने यह भी बताया कि शाम 8:30 बजे ही उन लोगों की बात महेश और उनकी बहन ललिता से हुई थी.
पोस्टमार्टम में नहीं पता चली मौत की वजह
आकाश का कहना है कि उन लोगों ने हम लोगों को रामलीला देखने के लिए बुलाया था और कहा था कि तुम इधर आओ यहां पर रामलीला चल रही है. मेला लगा हुआ है, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि चंद घंटों में खुशियों को ग्रहण लग जाएगा. उधर, पांचों शवों के पोस्टमार्टम के बाद बिसरा प्रिजर्व किया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम में पांचों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है.