कौन हैं IAS प्रकाश बिंदु? MLC चुनाव की मतगणना से ठीक पहले मिली बड़ी जिम्मेदारी
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की काउंटिंग कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी. इससे पहले नया पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिया गया है.
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की मतगणना मंगलवार, 27 अक्टूबर को होगी. गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय भवन में सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी. मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं, जिन पर कुल 43 हजार 433 मतों की गिनती की जाएगी. मतगणना से ठीक पहले भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी में भी बदलाव किया है. आईएएस अधिकारी प्रकाश बिंदु को नया पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है.
चुनाव परिणाम पर टिकीं निगाहें
मतपेटियों की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम के बाहर 400 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं. समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की मांग पर प्रशासन ने स्ट्रांग रूम के सामने लगी एलईडी स्क्रीन को भी बदलकर 58 इंच का कर दिया है. मतगणना की तैयारियों का मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह और जिलाधिकारी दीपक मीणा निरीक्षण कर चुके हैं. अब प्रत्याशियों से लेकर शिक्षक संगठनों तक, सभी की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं.
सुबह 8 बजे से होगी काउंटिंग
गोरखपुर में शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. मंगलवार सुबह आठ बजे से दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय भवन में मतगणना शुरू होगी. कुल 43 हजार 433 मतों की गिनती के लिए 14 टेबल निर्धारित किए गए हैं. प्रत्येक टेबल पर पांच-पांच मतगणना कर्मियों की तैनाती की जाएगी. मतगणना केंद्र पर प्रत्याशियों के एजेंटों के बैठने और पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए भी व्यवस्था की गई है.
डीएम ने लिया जायजा
सोमवार को मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर इंद्र विक्रम सिंह और जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर दीपक मीणा ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सुरक्षा, मतगणना व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
2009 बैच के आईएएस अफसर हैं प्रकाश बिंदु
मतगणना से ठीक पहले चुनाव पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है. भारत निर्वाचन आयोग ने आईएएस अधिकारी प्रकाश बिंदु 2009 बैच, को गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के लिए नया पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के कार्यालय से 26 अक्टूबर को जारी पत्र में इस नियुक्ति की जानकारी दी गई है. नए पर्यवेक्षक को मतगणना के दिन अपनी जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं.
मतगणना से ठीक पहले हुआ बदलाव
पर्यवेक्षक की नियुक्ति में बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब मतगणना की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. ऐसे में मतगणना की निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के पालन पर विशेष नजर रहेगी. गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के इस चुनाव के परिणाम को लेकर प्रत्याशियों और शिक्षक संगठनों में उत्सुकता है. मतगणना शुरू होने के बाद सभी की निगाहें टेबलवार गिनती और आधिकारिक रुझानों पर रहेंगी.
(गोरखपुर से नागेन्द्र मणि त्रिपाठी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें ; यूपी की 11 MLC सीटों पर काउंटिंग कल: किसके सिर सजेगा जीत का ताज? यहां होगी मतगणना