कृष्णपुरी बनेगा अतीक का कसारी-मसारी: प्रयागराज से सीएम योगी का बड़ा ऐलान
Prayagraj News: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद का आतंक खत्म हो गया. माफिया अतीक अहमद की जमीन पर आवासीय फ्लैट का निर्माण हो रहा है.
Prayagraj News: संगमनगरी पहुंचे यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है. माफिया अतीक अहमद के क्षेत्र कसारी मसारी का नाम बदला जाएगा. उन्होंने कहा कि कसारी मसारी का नाम कृष्णपुरी होगा. सीएम योगी सख्त अंदाज में कहा कि किसी माफिया के नाम से इलाके की पहचान नहीं होगी. इस इलाके को कृष्णपुरी के रूप में विकसित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि एक समय था जब प्रयागराज की छवि माफिया की वजह से धूमिल हो गई थी. आज वह माफिया मिट्टी में मिल चुका है.
602 आवासों का भूमि पूजन किया
दरअसल, सीएम योगी गुरुवार को प्रयागराज पहुंचे थे. माफिया अतीक अहमद से मुक्त कराई जमीन पर 602 आवासों का निर्माण होना है. सीएम योगी भूमि पूजन कार्यक्रम में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने अतीक अहमद पर हमला बोला. कसारी मसारी वही इलाका है, जहां अतीक अहमद रहा करता था. कसारी मसारी कब्रिस्तान में ही अतीक, अशरफ और माफिया के दो बेटों को दफनाया गया है. सरकार कसारी मसारी में आवासीय योजना लेकर आई है.
माफिया के चलते बहन बेटियां सुरक्षित नहीं थीं
सीएम योगी ने कहा कि आज मुझे प्रसन्नता हो रही है कि प्रदेश से माफिया मुक्ति का अभियान रंग सफल साबित हो रहा है. उन्होंने कहा कि यहां माफिया अतीक और अशरफ जिस जमीन पर खड़े हो जाते थे, वह उनकी हो जाती थी. माफिया के चलते बहन बेटियां सुरक्षित नहीं थीं. असलहे लहराकर डर और भय का माहौल बनाया जाता था. उन्होंने कहा कि डर और भय से विकास नहीं हो सकता है. इसी सबके चलते 2017 से हम लोगों ने तय किया कि यूपी को सुरक्षित बनाना है और सुशासन लाना है.
माफिया को सबक सिखाने का संकल्प लिया, आज परिणाम सामने है
सीएम योगी ने कहा कि हर व्यक्ति प्रयागराज में न्याय के लिए आता है, उसी कानून का राज स्थापित करने के लिए अभियान चलाया तो हमने कह दिया कि इनके लिए कोई रियायत नहीं होगी. इसी प्रयागराज में विधायक राजू पाल को गोली मार दी जाती है. हमने जब माफियाओं को सबक सिखाने का संकल्प लिया तो परिणाम आज सामने है. पहले लूकरगंज में माफिया के कब्जे से मुक्त जमीन पर 77 फ्लैट बनाए गए. कभी 15 बीघे की जमीन पर माफिया अतीक ने अस्तबल और अय्यासी का अड्डा बनाया था. आज उसी अड्डे को ध्वस्त करने के लिए आया हूं.
माफियागिरी की तो मिट्टी में मिलने को तैयार रहना
सीएम योगी ने कहा कि सपा आती है तो माफिया लाती है. और बीजेपी आती है तो विकास लेकर आती है. भाजपा और सपा में यही अंतर है. 6 हजार से अधिक लोग आने वाले दिनों में यहां रहेंगे. मार्केट बनेगी, स्पोर्ट्स सेंटर और जिम की भी सुविधा रहेगी. सीएम योगी ने कहा कि प्रयागराज में अब कोई माफिया गिरी बनने का दुस्साहस नहीं करेगा. अगर कोई करेगा तो मिट्टी में मिलने के लिए तैयार हो जाएगा. पहले सपा की सरकार ने यूपी में पहचान का संकट खड़ा कर दिया था, आज किसी को पहचान के लिए मोहताज नहीं है. आज यूपी से अगर कोई दूर है और अगर कोई यहां का नाम सुनता है तो लोगों से सम्मान से मिलता है. आज यह बदलाव आया है.
हर गरीब और नागरिक को सुशासन का लाभ मिले
सीएम योगी ने कहा कि इस क्षेत्र में पुलिस की कार छोड़िए कोई आता नहीं था. कोई गुंडा और माफिया इधर उधर ताक झांक नहीं कर पाएगा. सीएम योगी ने कहा कि अगर कोई हिम्मत करेगा तो परिणाम भुगतना पड़ेगा. सीएम योगी ने कहा हर गरीब और नागरिक को सुशासन का लाभ मिले. उसी अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है. गंगा नदी में 800 करोड़ की लगत से पुल बनने जा रहा है. सीएम योगी ने कहा कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद के नाम से नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी बनकर तैयार है. हम लोग इसी को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं. सीएम योगी ने कहा कि शारदीय नवरात्रि में पद्मलोक आवास योजना का भूमि पूजन किया है, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी दी गई है. आज प्रयागराज पुराने संस्मरण करा रहा है. सीएम योगी ने कसारी मसारी का नाम कृष्णपुरी करने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि में जो आवास की योजना है वह भी कृष्णपुरी का हिस्सा होगा.