App

इश्क में खूनी खेल: पुलिस शिकायत से भड़का आशिक, प्रेमिका के घर में घुसकर किया तांडव, चाची की मौत; चाचा गंभीर

Chitrakoot Murder Case: चित्रकूट में प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर एक युवक ने कथित तौर पर खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया. युवक ने प्रेमिका के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से प्रेमिका की चाची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए.

इश्क में खूनी खेल: पुलिस शिकायत से भड़का आशिक, प्रेमिका के घर में घुसकर किया तांडव, चाची की मौत; चाचा गंभीर

Chitrakoot Murder Case/ ओंकार सिंह: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है. यहां प्यार में बाधा और पुलिस में शिकायत दर्ज होने से बौखलाए एक आशिक ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने दो हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ कर रख दिया. सिरफिरे आशिक ने अपनी प्रेमिका के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. जिससे प्रेमिका की चाची की मौत हो गई. जबकि उसके चाचा की हालत नाजुक बनी हुई है.

क्या है ये पूरी घटना?
इस खूनी संघर्ष के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली से उड़ा लिया. यह घटना चित्रकूट जिले के मऊ थाना क्षेत्र के जोरवारा गांव की है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों के बीच मेल-जोल का यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा था, लेकिन परिवार और समाज की दीवारें इनके बीच आड़े आ रही थीं.

बदले की आग में उठाया खौफनाक कदम
चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना से एक दिन पहले प्रेमी और प्रेमिका को परिजनों ने मुलाकात करते हुए पकड़ लिया था. इसके बाद पीड़ित परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ मऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर युवक ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया. इस अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई. ताबड़तोड़ चली गोलियों के बीच प्रेमिका की चाची को गोली जा लगी, जिससे उनकी मौत हो गई. वहीं, प्रेमिका के चाचा भी इस गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े.

वारदात को अंजाम देने के बाद जब आरोपी को एहसास हुआ कि उसने कितना बड़ा गुनाह कर दिया है और पुलिस से बचना नामुमकिन है, तो उसने खुद को भी नहीं बख्शा. उसने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली.

प्रेमिका के घायल चाचा प्रयागराज रेफर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल चाचा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. वहीं, खुद को गोली मारने वाले घायल आरोपी को मऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस पहरे में उसका इलाज चल रहा है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस
मीडिया को जानकारी देते हुए चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पूरा मामला प्रेम प्रसंग में उपजे विवाद और पुलिस शिकायत से उपजी नाराजगी का निकला है. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले की गंभीरता से हर पहलू पर जांच की जा रही है. इस खौफनाक घटना के बाद से जोरवारा गांव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मचा हुआ है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More