SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'किडनी खराब, डायलिसिस कराना होगा': पैसे ऐंठने के लिए बच्चे को बताया गंभीर बीमार, अस्पताल पर मुकदमा दर्ज

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा से बच्चे के इलाज के नाम पर गलत रिपोर्ट तैयार कर पैसे वसूलने और जान जोखिम में डालने का मामला सामने आया है. इस मामले में थाना सूरजपुर पर अस्पताल के प्रबंधक/डायरेक्टर, डॉक्टर और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. बच्चे के पिता का आरोप है कि बेटे को बुखार होने पर अस्पताल में भर्ती कराया था. जहां जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि बच्चे की किडनी खराब है और डायलिसिस जरूरी है.

Written By Pooja Singh
Published: Oct 15, 2026, 07:29 AM IST | Updated: Oct 15, 2026, 07:33 AM IST
Join

Greater Noida News/ भूपेश प्रताप: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. थाना सूरजपुर क्षेत्र के डेल्टा-1 स्थित ग्रीन सिटी अस्पताल के प्रबंधक (डायरेक्टर), डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है. आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने पैसों की ठगी के लिए एक स्वस्थ बच्चे की गलत मेडिकल रिपोर्ट तैयार की और उसे गंभीर बीमारी से पीड़ित बताकर परिजनों को परेशान कर दिया.

क्या है ये पूरा मामला?
बच्चे के पिता सचिन बिधूड़ी का कहना है कि 20 सितंबर 2025 को अपने बेटे सात्विक को बुखार की शिकायत पर डेल्टा वन स्थित ग्रीन सिटी अस्पताल में भर्ती कराया था. अस्पताल में जांच के लिए ब्लड सैंपल लिया था. रिपोर्ट आने पर डॉक्टर ने बताया कि बच्चे को आईसीयू की जरूरत है. उसका क्रेटीन पोटेशियम और सोडियम काफी बढ़ा हुआ है. रिपोर्ट की पुष्टि के लिए अस्पताल में दोबारा दूसरी लैब में सैंपल भेजा, लेकिन वहां से भी पहले जैसी रिपोर्ट आई. 

परिजनों को डराकर जबरन हस्ताक्षर का दबाव
उन्होंने बताया कि दोबारा रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टरों ने तुरंत सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करने और पैसे जमा करने को कहा. उन्होंने कहा कि बच्चे की किडनी खराब हो चुकी है और डायलिसिस जरूरी है. डॉक्टर ने यह भी कहा कि डायलिसिस के दौरान बच्चे का हार्ट फेल हो सकता है और जान भी जा सकती है. इतना ही नहीं, इलाज न होने पर भी हार्ट फेल हो सकता है.

दूसरे अस्पताल की जांच में खुला सच
बच्चे के पिता के मुताबिक, डॉक्टर की बात सुनने के बाद बच्चे के परिजन काफी घबरा गए. इसके बाद अस्पताल में उनके रिश्तेदार भी पहुंचे और उन्होंने दूसरे अस्पताल में दिखाने की सलाह दी. जिसके बाद वह लोग बच्चे को लेकर कैलाश अस्पताल गए. वहां डॉक्टरों ने ग्रीन सिटी की रिपोर्ट देखकर बच्चे को हायर सेंटर ले जाने के लिए कहा. इसके बाद बच्चे को डॉक्टरों की निगरानी में एंबुलेंस से नोएडा के कैलाश अस्पताल ले जाया गया. जहां उसका तुरंत उपचार शुरू किया गया, लेकिन हैरानी की बात यह हुई कि जब रिपोर्ट दोबारा कराई गई तो बच्चे को केवल टाइफाइड बुखार निकला.

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सचिन बिधूड़ी के मुताबिक, बच्चे की रिपोर्ट में कोई परेशानी नहीं आई. वहीं डॉक्टरों ने ग्रीन सिटी की रिपोर्ट को गलत बताया. उन्होंने कहा कि अगर पुरानी रिपोर्ट के आधार पर बच्चे का इलाज चल जाता तो उसे परेशानी हो सकती थी. इस मामले में सूरजपुर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है. स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे प्रकरण की जांच करेगी और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़िए: 'मेरे बेटे का जबड़ा और पसलियां टूटी थीं'...शिवा शर्मा की मां का छलका दर्द, सामने आया सनसनीखेज CCTV फुटेज

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES