)
यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले संगम नगरी प्रयागराज के शहर पश्चिमी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में बीजेपी विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह अपने क्षेत्र के मतदाताओं को 70 से 80 फीसदी करने की बात कहते हुए दिखाई दे रहे हैं. वायरल वीडियो में सिद्धार्थनाथ सिंह कह रहे हैं कि हमारा जिनसे मुकाबला है, उनका वोट 1 लाख 21 हजार के लगभग है और हमें वोट देने वालों की संख्या 2 लाख 40 हजार है, लेकिन मत प्रतिशत कम रहता है. सिद्धार्थनाथ सिंह लोगों से कह रहे हैं कि अगर आप चाहते हैं कि श्रीकृष्णपुरी दोबारा कसारी मसारी न बने तो 70 से 80 फीसदी वोट करिए. दुर्गा पूजा पंडाल में दिया गया बीजेपी विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह का ये बयान अब सोशल साइट्स पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कांग्रेस ने हताशा और निराशा बताया
वहीं, बीजेपी विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह का बयान वायरल होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने भी प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता मोहम्मद फरहान ने कहा है कि सिद्धार्थ नाथ सिंह हताश और निराश हैं. उन्होंने कहा कि अगर सिद्धार्थनाथ सिंह का टिकट नहीं कटा तो उनका हारना तय है, इसी हताशा में वह 70 और 80 फीसदी की बात कह रहे हैं. कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन के पक्ष में जो माहौल बन गया है उससे बीजेपी के विधायक और मंत्री घबराए हुए हैं. कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया है कि इस बार बीजेपी के प्रत्याशियों की बड़ी हार होगी.
हिंदुओं को बढ़ चढ़कर वोट करने की अपील
दुर्गा पूजा पंडाल में गया बयान सोशल साइट्स पर वायरल हुआ तो बीजेपी के विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इस बयान का मतलब साफ है कि हिंदुओं को भी बढ़ चढ़कर वोट करना चाहिए. वहीं, जो विपक्षी दल हिंदुओं को जातियों में बांटना चाहते हैं उन्हें एकजुट करने के साथ यह बताने की कोशिश है कि अगर बटोगे तो कटोगे. सिद्धार्थनाथ सिंह का कहना है कि मतदाताओं को यह भी संदेश देना है कि अगर वह चाहते हैं श्रीकृष्णपुरी दोबारा कसारी मसारी न बने तो बढ़ चढ़कर मतदान में हिस्सा लें.
15 अक्टूबर को सीएम योगी ने किया था ऐलान
बता दें कि 15 अक्टूबर को सीएम योगी आदित्यनाथ ने माफिया अतीक अहमद के गढ़ कहे जाने वाले शहरी पश्चिमी विधानसभा के कसारी मसारी इलाके का नाम बदलकर श्रीकृष्णपुरी करने का ऐलान किया. सीएम योगी ने कसारी मसारी को नए स्वरूप में विकसित किए जाने की बात कही थी. इसके बाद अब कसारी मसारी को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित किया जा रहा है, कृष्णपुरी इलाके में ही माफिया के कब्जे वाली जगह पर 602 फ्लैट बनाए जाने के लिए सीएम योगी ने भूमि पूजन भी किया है. वहीं, अब बीजेपी विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह का बयान भी सोशल साइट्स पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह श्रीकृष्णपुरी को कसारी मसारी बनने से रोकने के लिए बीजेपी के मतदाताओं को 70 से 80 फीसदी वोट करने की बात कहते हुए दिखाई दे रहें हैं.
(प्रयागराज से मोहम्मद गुफरान की रिपोर्ट)