बस्ती में बाइक सवार पर पलटा बेकाबू ट्रक: दबकर पिता समेत दो बेटियों की मौत
बस्ती में बेकाबू ट्रक बाइक पर पलट गया. हादसे में पिता समेत दो बेटियां ट्रक के नीचे दब गए.
यूपी के बस्ती में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई. गौर थाना क्षेत्र के रामापुर-कोठवा गांव में पशु आहार से लदा एक ट्रक बेकाबू होकर बाइक सवार पर पलट गया. हादसे में चौकीदार राजेश कुमार और उनकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
बेकाबू ट्रक पलटा
बस्ती के गौर थाना क्षेत्र के रामापुर-कोठवा गांव में एक पल में खुशियों से भरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. बताया जा रहा है कि पशु आहार से लदा ट्रक बाइक सवार पर पलट गया. हादसे के बाद चीख पुकार मच गई. सोमवार सुबह ग्रामीणों की मदद से ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया. तब तक पिता राजेश कुमार और उनकी दो बेटियों की जान चली गई थी.
बाइक से घर लौट रहे थे राजेश यादव
ग्रामीणों ने बताया कि कोठवा गांव के रहने वाले राजेश यादव चौकीदार थे. वह शनिवार को अपनी दो बेटियों शिवांगी (8 वर्ष) और मानवी (5 वर्ष) के साथ बाइक से घर जा रहे थे. रात करीब साढ़े आठ बजे बेकाबू ट्रक बाइक पर पलट गया. हादसे के बाद तीनों नीचे दब गए. प्रशासन की लापरवाही का आलम देखिए देर रात हादसे में ट्रक के नीचे दबे तीनों शवों को सोमवार सुबह निकाला गया.
रविवार रात हुआ हादसा सोमवार को निकाला गया शव
सोमवार सुबह सूचना पर एसडीएम हर्रैया, गौर थाना प्रभारी और पैकोलिया के एसएचओ मौके पर पहुंचे. हादसे के बाद तीनों ट्रक के नीचे गड्ढे में दब गए. सोमवार सुबह ट्रक हटाने के लिए हाइड्रा मंगाया गया. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तीनों को बाहर निकाला. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया गया है. तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है.
प्रशासनिक जिम्मेदारी पर उठे सवाल
हादसे के बाद एसडीएम हर्रैया, गौर थाना प्रभारी और पैकोलिया के एसएचओ को पहुंचने में घंटों लग गए. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासनिक जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. तीन मौतों से पूरा इलाका गमगीन है. अब सवाल है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे? पुलिस जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी.
(बस्ती से राघवेंद्र कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें ; पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, कई लोग घायल