)
Lucknow Omaxe New Hazratganj Woman Death/ मयूर शुक्ला: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां ओमेक्स न्यू हजरतगंज के होटल सेलेस्टियल की 10वीं मंजिल से नीचे गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में 24 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतका के परिजनों ने उसके साथ ठहरे युवक पर हत्या का आरोप लगाया है. जबकि, घटना के बाद से आरोपी युवक मौके से फरार है.
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.
11:46 बजे कमरे में हुई थी एंट्री, रात में हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, होटल सेलेस्टियल की 10वीं मंजिल पर कमरा नंबर 1037 बुक किया गया था. सुलतानपुर के रहने वाले अवनीश नाम के युवक ने सोमवार सुबह करीब 11:46 बजे इस कमरे में एंट्री की थी. इसके कुछ देर बाद लखनऊ के ठाकुरगंज की रहने वाली युवती समरीन भी उसी कमरे में पहुंची. सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन सोमवार शाम करीब 6:00 से 6:34 बजे के बीच अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में समरीन 10वीं मंजिल से नीचे गिरी. जमीन पर गिरने की तेज आवाज सुनकर होटल कर्मचारियों और प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई. वे तुरंत मौके पर दौड़े और खून से लथपथ युवती को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी.
मृतका के गले पर निशान, आरोपी युवक फरार
घटना की सूचना मिलते ही सरसवां चौकी प्रभारी शुभम सिंह और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक अवनीश होटल से फरार हो चुका था. होटल के रिकॉर्ड में दर्ज उसके मोबाइल नंबर पर जब संपर्क किया गया, तो फोन स्विच ऑफ मिला. सूत्रों का कहना है कि मृतका समरीन के गले पर लाल निशान और शरीर पर कुछ अन्य चोटें भी पाई गई हैं, जिससे मामला और ज्यादा संदिग्ध लग रहा है. मृतका की मां ने आरोपी अवनीश पर बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.
आरोपी युवक की तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले में डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि होटल के कमरे में ठहरे युवक और युवती के संबंधों और बैकग्राउंड की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है. मौके पर फील्ड यूनिट को बुलवाकर वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और तमाम साक्ष्य सुरक्षित कर लिए गए हैं. मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया है. पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. ताकि, यह साफ हो सके कि युवती को ऊपर से फेंका गया था या यह कोई अन्य हादसा है.
अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं.