SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

11 लाख दीये, ड्रोन-लेजर शो और 15 लाख पर्यटकों का संगम: जानें कैसे देव दीपावली से आस्था के साथ काशी की अर्थव्यवस्था भी होगी रोशन

काशी में देव दीपावली पर गंगा के 84 घाटों पर 11 लाख दीयों की अद्भुत शृंखला से लेकर नमो घाट पर सैकड़ों ड्रोन शो और ललिता घाट और चेतसिंह किले पर लेजर-साउंड की प्रस्तुति इस आयोजन को भव्य बनाने जा रही है.

Edited By Sumit Rai
Published: Nov 20, 2026, 15:11 IST | Updated: Nov 20, 2026, 15:17 IST
Image Credit: देव दीपावली पर काशी के 84 घाटों पर 11 लाख दीये जलाए जाएंगे
Join

कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाने वाली देव दीपावली के लिए काशी पूरी तरह सज-धजकर तैयार है. इस बार देव दीपावली पर वाराणसी में परंपरा, आधुनिक तकनीक और स्थानीय अर्थव्यवस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. गंगा के 84 घाटों पर 11 लाख दीयों की अद्भुत शृंखला से लेकर नमो घाट पर सैकड़ों ड्रोन शो और ललिता घाट और चेतसिंह किले पर लेजर-साउंड की प्रस्तुति इस आयोजन को भव्य बनाने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नमो घाट पर पहला दीप प्रज्ज्वलित कर इस महोत्सव का शुभारंभ करेंगे.

अनुमान है कि देव दीपावली के नजारे का साक्षी बनने के लिए गुजरात समेत देश-दुनिया से करीब 15 लाख श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंच सकते हैं. इस वजह से देव दीपावली की चमक केवल घाटों की रौनक तक सीमित नहीं है. लाखों दीयों के बड़े ऑर्डर से कुम्हारों की रोजी-रोटी को मजबूती मिल रही है, वहीं होटल, नाव संचालन, फूल-माला और स्थानीय बाजारों में बढ़ती रौनक ने शहर की अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार दे दी है.

84 घाटों से लेकर काशी विश्वनाथ धाम तक सजेगी रोशनी

काशी में देव दीपावली की भव्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं. देव दीपावली पर गंगा के 84 घाटों से लेकर काशी विश्वनाथ धाम तक सजेगी और रोशनी की अद्भुत छटा बिखरेगी. इस बार देव दीपावली पर करीब 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी पहुंचने की उम्मीद है. काशी के सभी 84 घाटों को करीब 11 लाख दीयों से रोशन करने की तैयारी है.

नमो घाट पर ड्रोन शो और ललिता घाट पर लेजर शो

नमो घाट पर सैकड़ों ड्रोन के जरिए भव्य ड्रोन शो होगा. इस दौरान आसमान में रोशनी और तकनीक का अद्भुत संगम दिखेगा. ललिता घाट से होने वाले लेजर एंड साउंड शो में मां गंगा की उत्पत्ति और भगवान शिव के तांडव की गाथा दिखाई जाएगी. चेतसिंह किले पर भी लेजर एंड साउंड शो के जरिए काशी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन होगा. गंगा पार डुमरी क्षेत्र में भव्य आतिशबाजी होगी और रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान जगमगाएगा.

सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

सभी घाटों पर साफ-सफाई, लाइटिंग और दीप सजावट के अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. काशी विश्वनाथ धाम को कई क्विंटल फूलों से सजाने की तैयारी है. सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर 12 प्रकार के फूलों से भव्य सजावट होगी. बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए क्राउड मैनेजमेंट की विशेष व्यवस्था की गई है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं.

मंदिर प्रशासन जारी किए विशेष दिशा-निर्देश

श्रद्धालुओं को सुगम और सम्मानजनक दर्शन कराने के लिए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा कर्मियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं. मंदिर प्रशासन की सख्त हिदायत है कि किसी भी श्रद्धालु के साथ अभद्रता या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं होगा. शिकायत मिलने पर संबंधित सुरक्षा कर्मियों पर कार्रवाई होगी.

देव दीपावली से संस्कृति के साथ अर्थव्यवस्था को भी मिलेगी रोशनी

देव दीपावली की तैयारियों के बीच काशी के कुम्हार परिवारों में भी जबरदस्त उत्साह है और कुम्हार दिन-रात दीये बनाने में जुटे हैं. कुम्हारों के मुताबिक, देव दीपावली पर बड़े पैमाने पर दीयों के ऑर्डर मिलते हैं, जिससे उनके परिवारों को अच्छी कमाई का अवसर मिलता है. मिट्टी के दीयों के जरिए काशी की पारंपरिक कला, संस्कृति और सभ्यता को देश-दुनिया में पहचान मिल रही है.

देव दीपावली सिर्फ धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक तरक्की का भी बड़ा माध्यम बन रही है. लाखों पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आने से होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट, छोटी दुकानों और माला-फूल व प्रसाद बेचने वाले दुकानदारों की आमदनी में भी बढ़ोतरी होगी. पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को देव दीपावली के दौरान अच्छी कमाई की उम्मीद है. गुजरात से आए पर्यटकों में देव दीपावली को लेकर खासा उत्साह, एक पूरा ग्रुप काशी की इस अलौकिक छटा को देखने पहुंचा. गुजरात से आए पर्यटकों का कहना है कि देव दीपावली को लेकर वे बेहद उत्साहित हैं और इस अद्भुत आयोजन को अपनी आंखों से देखने का इंतजार कर रहे हैं. (इनपुट- जयपाल)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES