'थला सिर्फ एक नाम नहीं, हमारा इमोशन हैं...' धोनी के IPL से संन्यास पर पाकिस्तानी फैन ने काटा माही की फोटो वाला केक, बोला- आप हमेशा दिल में रहेंगे
महेंद्र सिंह धोनी का IPL से जुड़ा सफर अब नए मोड़ पर पहुंच गया है. उनके मेंटर की भूमिका संभालने की खबर के बीच फैंस के लिए यह बदलाव भावुक कर देने वाला है. धोनी को चाहने वालों में सिर्फ भारतीय ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान से आने वाले क्रिकेट फैंस भी हैं. इसका एक उदाहरण पाकिस्तानी मूल के एक फैन का वीडियो है, जिसमें वह माही के नाम का खास केक लेकर अपना प्यार दिखाता नजर आ रहा है.
महेंद्र सिंह धोनी का नाम सुनते ही क्रिकेट फैंस के मन में कई यादें ताजा हो जाती हैं. किसी को उनका हेलिकॉप्टर शॉट याद आता है तो किसी को आखिरी ओवर तक मैच पलट देने का अंदाज. यही वजह है कि धोनी को पसंद करने वाले सिर्फ भारत तक सीमित नहीं हैं.
IPL में उनके सफर को लेकर सामने आई खबर के बाद सोशल मीडिया पर फैंस अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं. इसी बीच पाकिस्तान से ताल्लुक रखने वाले एक फैन का वीडियो भी चर्चा में आ गया है. वीडियो में वह धोनी के लिए खास अंदाज में अपना प्यार दिखाता नजर आ रहा है.
माही के नाम का खास केक काटा
इंस्टाग्राम पर @arshadmuhammadhanif नाम के यूजर ने यह वीडियो शेयर किया है. अरशद मुहम्मद हनीफ खुद को क्रिकेट का बड़ा फैन बताते हैं. उनके अकाउंट पर भारतीय और पाकिस्तानी क्रिकेटरों से जुड़े कई वीडियो देखने को मिलते हैं. पाकिस्तानी मूल के अरशद फिलहाल UAE में रहते हैं. धोनी को लेकर शेयर किए गए वीडियो में टेबल पर एक खास केक रखा दिखाई देता है. इस केक पर माही की तस्वीरें बनी हुई हैं. इनमें धोनी चेन्नई सुपर किंग्स यानी CSK की जर्सी में नजर आ रहे हैं. वीडियो में अरशद ने बाबर आजम की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहन रखी है. वहीं, कुछ बच्चे पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जर्सी में केक के आसपास खड़े दिखाई देते हैं. पूरा माहौल देखकर लगता है कि यह सिर्फ केक काटने का मौका नहीं, बल्कि धोनी के लिए अपनी भावनाएं दिखाने का एक खास तरीका है.
'थला सिर्फ नाम नहीं, हम सबके इमोशन हैं'
अरशद ने वीडियो के साथ जो कैप्शन लिखा है, वह भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. उन्होंने लिखा कि हम अपने थला को बाय कैसे कह सकते हैं. आगे उन्होंने धोनी के लिए अपना प्यार दिखाते हुए लिखा कि थला सिर्फ एक नाम नहीं है, हम सबके इमोशन हैं. आप हमेशा हमारे दिल में रहेंगे, माही. पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, 'No Goodbye, Thala… Legends never say goodbye!' यानी थला को अलविदा कहने की जरूरत नहीं है, क्योंकि दिग्गज कभी अलविदा नहीं होते.
भारतीय ही नहीं, पाकिस्तानी फैंस भी कर रहे कमेंट
वीडियो सामने आने के बाद भारतीय और पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस दोनों इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लोगों को यह देखकर अच्छा लगा कि धोनी के लिए प्यार किसी एक देश या टीम तक सीमित नहीं है. कुछ फैंस इस वीडियो को क्रिकेट की असली खूबसूरती बता रहे हैं. उनका कहना है कि मैदान पर भले ही भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला कितना भी कड़ा क्यों न हो, लेकिन किसी खिलाड़ी के हुनर और उसके खेल के प्रति सम्मान सरहदों से बड़ा होता है.
धोनी का अंदाज ही बनाता है उन्हें खास
धोनी ने अपने करियर में कई ऐसे पल दिए हैं, जिन्हें क्रिकेट फैंस शायद ही कभी भूल पाएंगे. CSK को कई बार चैंपियन बनाने से लेकर मुश्किल हालात में टीम को संभालने तक, उनका अंदाज हमेशा चर्चा में रहा है. यही वजह है कि उनके IPL सफर में आए इस बदलाव पर फैंस भावुक हैं. UAE में रहने वाले इस पाकिस्तानी मूल के फैन का वीडियो भी इसी भावना को दिखाता है. आखिर क्रिकेट की सबसे बड़ी खूबसूरती यही तो है कि खिलाड़ी किसी एक टीम का हो सकता है, लेकिन उसका खेल दुनिया भर के लोगों के दिलों में जगह बना सकता है.
यह भी पढ़ें:- 'थाला के बिना CSK वैसी नहीं रहेगी...' धोनी के रिटायरमेंट की खबर से टूटे फैंस, सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट की बाढ़
यह भी पढ़ें:- अमेरिका में भी गूंजा छठी मैया का जयकारा: न्यूयॉर्क में तालाब किनारे उमड़ा भारतीय श्रद्धालुओं का हुजूम; वीडियो देख गदगद हुए लोग