SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सब्जी मंडी बनी फैशन का रैंप: हाथों में गोभी-मूली लेकर मॉडल्स ने दिखाया ऐसा जलवा, देखते रह गए लोग; VIDEO वायरल

फैशन शो का नाम आते ही दिमाग में चमकदार रैंप, महंगे डिजाइनर कपड़े और बड़े-बड़े मॉडल्स की तस्वीर आने लगती है. लेकिन मुंबई के वसई में कुछ ऐसा हुआ, जिसने फैशन की इस पूरी सोच को ही बदल दिया. यहां एक व्यस्त सब्जी मंडी को रैंप बना दिया गया और मॉडल हाथों में मूली, धनिया जैसी सब्जियां लेकर पूरे कॉन्फिडेंस के साथ चलते नजर आए. इस अनोखे फैशन शो के वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हैं.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 05, 2026, 07:49 AM IST | Updated: Nov 05, 2026, 08:02 AM IST
Image Credit: @im_vasai | मुंबई सब्जी मंडी बना फैशन शो का अड्डा!
Join

आमतौर पर सब्जी मंडी में सुबह से शाम तक ग्राहकों की आवाजाही लगी रहती है. कहीं दुकानदार सब्जियों के भाव लगाते हैं तो कहीं लोग मोलभाव करते दिखाई देते हैं. लेकिन मुंबई के वसई की एक मंडी में लोगों को कुछ ऐसा देखने को मिला, जिसकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की होगी.

यहां सब्जियों की दुकानों के बीच अचानक मॉडल्स की रैंप वॉक शुरू हो गई. कोई हाथ में मूली लेकर चल रहा था तो किसी ने धनिया को अपना फैशन एक्सेसरी बना लिया. बाजार की तंग गलियां ही इस शो का रैंप थीं और आसपास मौजूद दुकानदार और ग्राहक इसके गवाह बन गए.

'विजन वोग फैशन वीक' ने बदला फैशन शो का अंदाज

इस अनोखे आयोजन का नाम 'विजन वोग फैशन वीक' रखा गया. इसकी सबसे खास बात यह थी कि यहां किसी बड़े होटल, स्टूडियो या महंगे इवेंट वेन्यू की जरूरत नहीं पड़ी. जिस जगह रोज लोग सब्जियां खरीदने आते हैं, उसी को फैशन शो के लिए चुन लिया गया. इस इवेंट का आइडिया मुंबई के फैशन मेंटर और मॉडल साहिल सिंह का था. वह आम फैशन शो से कुछ अलग करना चाहते थे. उनका मकसद था कि फैशन को सिर्फ महंगे कपड़ों और बड़ी जगहों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी के बीच भी इसे मजेदार अंदाज में पेश किया जा सकता है.

 

 

किसी के हाथ में मूली, तो कोई धनिया लेकर चला

साहिल सिंह की तरफ से इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में कई युवा मॉडल्स सब्जी मंडी के बीच रैंप वॉक करते दिखाई देते हैं. उनके कपड़े और चलने का अंदाज किसी आम फैशन शो जैसा है, लेकिन उनके हाथों में मौजूद चीजें इस पूरे आयोजन को खास बना रही थीं. एक मॉडल हाथ में मूली लेकर चलता नजर आता है तो दूसरे के हाथ में हरी-हरी धनिया की गड्डी दिखाई देती है. कुछ मॉडल्स ने बाजार में मिलने वाली दूसरी चीजों को भी अपने लुक का हिस्सा बनाया. यहां महंगे बैग, डिजाइनर जूलरी या चमकदार प्रॉप्स नहीं थे. बाजार में मौजूद आम चीजों को ही क्रिएटिव तरीके से इस्तेमाल किया गया. यही वजह है कि इस रैंप वॉक को देखने वाले लोग मुस्कुराए बिना नहीं रह पा रहे हैं.

 

 

पहाड़ी गाने पर मॉडल्स ने बिखेरा जलवा

इस वीडियो की एक और खास बात इसका म्यूजिक है. मॉडल्स जब सब्जियों की दुकानों के बीच से गुजरते हैं तो बैकग्राउंड में पहाड़ी गाना 'स्वामी परदेश' सुनाई देता है. गाने की धुन और बाजार का माहौल मिलकर वीडियो को अलग ही रंग देते हैं. आसपास दुकानदार अपने काम में लगे हैं और ग्राहक सब्जियां खरीद रहे हैं. इसी बीच मॉडल्स पूरे आत्मविश्वास के साथ कैमरे के सामने चलते दिखाई देते हैं. न कोई बड़ा मंच है और न ही खास लाइटिंग का इंतजाम. फिर भी उनका अंदाज किसी बड़े फैशन इवेंट से कम नहीं लगता.

 

 

साहिल सिंह ने बताया कहां से आया आइडिया

साहिल सिंह ने इस फैशन शो को वोग से प्रेरित बताया है. उनका आइडिया था कि फैशन को एक नए और मजेदार तरीके से लोगों के सामने लाया जाए. इसके लिए उन्होंने ऐसी जगह चुनी, जहां आमतौर पर फैशन शो आयोजित करने के बारे में कोई सोचता भी नहीं. इस आयोजन ने यह दिखाने की कोशिश की कि अच्छा फैशन दिखाने के लिए हमेशा महंगे कपड़े, बड़े ब्रांड या आलीशान जगह जरूरी नहीं होती. कई बार थोड़ी क्रिएटिविटी और खुद पर भरोसा ही किसी साधारण चीज को खास बना सकता है.

 

 

सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आया देसी अंदाज

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस आइडिया की जमकर तारीफ की. कई लोगों ने मॉडल्स के कॉन्फिडेंस को सराहा तो कुछ ने कहा कि वे भी इस तरह के फैशन शो का हिस्सा बनना चाहेंगे. एक यूजर ने कमेंट में लिखा, 'कमाल है, मैं भी इसका हिस्सा बनना चाहता हूं.' दूसरे ने कहा कि मैं इससे प्रेरित हुआ हूं. वहीं एक यूजर ने वसई के लिए इसे गर्व का पल बताया. एक अन्य यूजर ने लिखा कि बाजार के बीच इस तरह की रैंप वॉक और शानदार आउटफिट्स देखना वाकई मजेदार है. लोगों को खास तौर पर यह बात पसंद आई कि मॉडल्स ने बिना किसी बड़े मंच के पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना अंदाज दिखाया.

यह भी पढ़ें:- नन्हीं उंगलियों का जादुई कमाल: 3 साल की बच्ची ने तबले पर बजाईं 12 ताल; इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया नाम

यह भी पढ़ें:- सड़क पर आगजनी, चारों तरफ हंगामा: फ्रांस में विरोध प्रदर्शन के बीच महिला का फिटनेस गोल देख लोग हैरान; VIDEO वायरल

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES