SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दोस्त को डराने के लिए ChatGPT से बनाई भालू की फोटो, वायरल होते ही पहुंच गई पुलिस! महिला को भरना पड़ा हजारों का जुर्माना

ChatGPT से AI तस्वीर बनाकर दोस्त के साथ मजाक करना एक महिला को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर फेक फोटो वायरल होते ही हड़कंप मच गया और पुलिस की जांच के बाद कोर्ट ने महिला पर हजारों का जुर्माना लगा दिया.

Written By Udbhav Tripathi
Published: Oct 15, 2026, 07:36 PM IST | Updated: Oct 15, 2026, 07:41 PM IST
Image Credit: ChatGPT फेक इमेज विवाद
Join

क्या आप भी मजे लेने के लिए या फिर किसी को डराने के लिए कभी AI टूल्स से फेक तस्वीरें बनाए हैं? अगर हां, तो अब सावधान हो जाइए! आपका यह छोटा सा डिजिटल प्रैंक आपको सीधे कानूनी पचड़े और भारी जुर्माने की मुसीबत में डाल सकता है. एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहा एक महिला ने सिर्फ मजे के लिए ChatGPT से एक बड़े भूरे भालू की ऐसी तस्वीर बनाई, जिसे देखकर पूरे शहर में हड़कंप मच गया.

रूसी महिला ने ChatGPT की मदद से भालू की एक नकली तस्वीर बनाई और अपने दोस्त को भेज दी. देखते ही देखते यह तस्वीर मैसेजिंग ऐप्स पर फैल गई. लोगों को लगा कि इलाके में सचमुच भालू घूम रहा है. इसके बाद पुलिस को शिकायतें मिलने लगीं और वन्यजीव अधिकारियों को उसकी तलाश में भेज दिया गया. अब इस मामले में महिला पर 15 हजार रूबल यानी करीब 17,003 रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

मजाक में बनाई थी भालू की तस्वीर

यह मामला रूस के अमूर क्षेत्र की मगदागाची बस्ती का है. जहां कि एक महिला ने सितंबर में ChatGPT का इस्तेमाल करके एक ऐसी तस्वीर बनवाई, जिसमें एक बड़ा भूरा भालू लोकल सड़क पर चलता हुआ दिखाई दे रहा था. महिला ने यह तस्वीर अपने एक दोस्त को मजाक के लिए भेजी थी. लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि उसका यह मजाक इतनी बड़ी परेशानी खड़ी कर देगा. तस्वीर दूसरे लोगों तक पहुंच गई और मैसेजिंग ऐप्स पर तेजी से शेयर होने लगी. लोगों को लगा कि उनके इलाके में भालू आ गया है. इसके बाद पुलिस के पास घबराए हुए लोगों के फोन आने लगे.

भालू की तलाश में भेजे गए वन्यजीव अधिकारी

अमूर की अदालतों की प्रेस सर्विस के अनुसार, तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस को कई लोगों ने फोन किया. मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले के प्रमुख ने वन्यजीव अधिकारियों को भालू की तलाश करने के लिए भेज दिया. लेकिन जांच में सामने आया कि जिस भालू की तस्वीर को लेकर इतना हंगामा हो रहा है, असल में वहां था ही नहीं. बाद में महिला ने खुद पुलिस को फोन किया और बताया कि तस्वीर उसने AI की मदद से बनाई थी. इसके बाद कोर्ट ने इस सप्ताह महिला पर 15 हजार रूबल का जुर्माना लगा दिया.

रूस में सामने आया ऐसा दूसरा मामला

रूस में AI से बनाई गई भालू की नकली तस्वीर को लेकर यह कोई पहला मामला नहीं है. सितंबर के बीच पूर्वी ट्रांसबाइकल क्षेत्र में भी एक महिला को गांव में भालू की फेक तस्वीर पोस्ट करने के मामले में 30 हजार रूबल का जुर्माना लगाया गया था. रूसी कानूनी समाचार एजेंसी RAPSI ने इसकी जानकारी दी थी.

रूस में बढ़ रहे हैं भालू के हमले

इन घटनाओं के बीच रूस में भालुओं के हमलों को लेकर भी चिंता बनी हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक, वसंत ऋतु के बाद से भालू के हमलों में कम से कम 26 लोगों की मौत हो चुकी है. जानकारों का कहना है कि भालुओं की बढ़ती आबादी और जंगली बेरियों तथा चीड़ के बीजों की कम पैदावार के कारण इंसानों और भालुओं के बीच टकराव की चिंता बढ़ गई है. रूस में भूरे भालुओं की आबादी पिछले 30 साल में दोगुने से ज्यादा होकर करीब 3 लाख 8 हजार तक पहुंच गई है. इसके पीछे सर्दियों का छोटा और पहले के मुकाबले कम ठंडा होना भी एक वजह माना जा रहा है.

(ये भी पढ़ेंः सड़क पर लड़की को गले लगाने लगा रोबोट, फिर करने लगा गंदी हरकतें! पुलिस ने किया गिरफ्तार! दो युवक भी फंसे)

रूसी सरकार ने पिछले महीने भालुओं की आबादी को कंट्रोल करन के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही थी. सरकारी समाचार एजेंसी TASS के 10 अक्टूबर के आंकड़ों के अनुसार, इस साल की शुरुआत से अब तक इंसानों के लिए खतरा माने गए 3,440 से ज्यादा भालुओं को मारा जा चुका है.

फिलहाल, एक एआई इमेज से शुरू हुआ यह मजाक महिला को महंगा पड़ गया. तस्वीर में दिख रहा भालू असली नहीं था, लेकिन उसे सच मानकर लोग परेशान हो गए और अधिकारियों को उसकी तलाश में लगना पड़ा.

(ये भी पढ़ेंः Apple के पहले फोल्डेबल iPhone का इंतजार खत्म! 16 अक्टूबर से शुरू होगी प्री-बुकिंग, जानें कीमत और ऑफर्स की डिटेल्स)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES