सिंगापुर की नेशनल यूनिवर्सिटी (NUS) के रिसर्चर्स ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है जो सच में दिमाग की बत्ती जला देगा. उन्होंने दुनिया की पहली ऐसी ड्रेस तैयार की है जिसके कपड़े के अंदर ही पूरी टचस्क्रीन डिस्प्ले फिट है. यह कोई कांच या प्लास्टिक वाला भारी स्क्रीन नहीं है, बल्कि आम धागों जैसा दिखने वाला फैब्रिक है जिसे आराम से पहना भी जा सकता है और नॉर्मल कपड़ों की तरह धोया भी जा सकता है.
आखिर क्या है यह कपड़ों वाली टचस्क्रीन?
सिंगापुर यूनिवर्सिटी के डिजाइन एंड इंजीनियरिंग कॉलेज के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा धागा बनाया है जो एक ही टाइम पर पिक्सल की तरह चमक भी सकता है और आपकी उंगली के टच को भी भांप सकता है. इन लोगों ने ऐसे कुल 54 धागों को एक शर्ट की आस्तीन में फिट कर दिया है. इसका मतलब यह हुआ कि आपकी शर्ट की बांह पर अब वीडियो चल सकते हैं, फोटो दिख सकती हैं और फोन की तरह टच रिस्पॉन्स भी मिल सकता है.

पतले से धागे में इतना सब कुछ कैसे फिट हो गया?
इस प्रोजेक्ट पर काम करने वाले असिस्टेंट प्रोफेसर खुदीयेव का कहना है कि उन्होंने ट्रेडिशनल धागों की तरह ही इलेक्ट्रॉनिक बिल्डिंग ब्लॉक्स को सीधे फाइबर फॉर्म में तैयार किया है. अब दिक्कत यह थी कि फोन या लैपटॉप की स्क्रीन तो एकदम फ्लैट और सख्त कांच पर बनती है, लेकिन कपड़े के धागे तो एकदम पतले और वन-डायमेंशनल होते हैं. उन पर सर्किट बनाना किसी टेढ़ी खीर से कम नहीं था. तो फिर टीम ने एक स्पेशल लेजर और सोल्डरिंग तरीका निकाला. इसकी मदद से उन्होंने मात्र एक मिलीमीटर मोटे और 10 मीटर लंबे धागे के अंदर 5 हजार से ज्यादा माइक्रोचिप्स और 20 हजार से ज्यादा इलेक्ट्रिकल कनेक्शंस को आपस में जोड़ दिया.
उंगली लगते ही कैसे जल जाती है लाइट?
इस स्मार्ट कपड़े के अंदर कई लेयर्स वाला सिस्टम बनाया गया है. सबसे ऊपर वाली परत पर बहुत छोटी-छोटी डिजिटल एलईडी लाइट्स लगी हैं जो पिक्सल का काम करती हैं. इन एलईडी के ठीक नीचे एक टच-सेंसिटिव लेयर होती है.

पानी में धो या मोड़ो, कुछ खराब नहीं होगा
इलेक्ट्रॉनिक्स का नाम सुनते ही दिमाग में आता है कि पानी से दूर रखना पड़ेगा वरना शॉर्ट सर्किट हो जाएगा. लेकिन इस ड्रेस की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यह पूरी तरह से वाशेबल और ब्रीदेबल है. आप इसे आम कपड़ों की तरह मोड़ सकते हो, तय करके रख सकते हो और गंदा होने पर पानी में धो भी सकते हो. वैज्ञानिकों ने इसे इस तरह से डिजाइन किया है कि अगर मान लो इसका कोई एक धागा खराब भी हो जाए, तो बाकी के 53 धागे बिल्कुल ठीक ठाक काम करते रहेंगे. ऐसा नहीं होगा कि एक लाइन टूटी और पूरी स्क्रीन का कबाड़ा हो गया. यह एक साथ कई उंगलियों के टच यानी मल्टी-टच को भी आसानी से पहचान लेता है.
स्क्रीन के अलावा इसमें स्पीकर और माइक भी हैं
मामला सिर्फ डिस्प्ले तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वैज्ञानिकों ने इसमें कुछ और भी धागे जोड़े हैं जिनमें माइक्रोफोन, स्पीकर और कई तरह के तगड़े सेंसर्स फिट किए गए हैं.
क्या आने वाले टाइम में फोन की छुट्टी होने वाली है?
फिलहाल यह एक प्रोटोटाइप है जिसे कलाई के ऊपर वाले हिस्से पर 168 बाय 105 मिलीमीटर के साइज में बनाया गया है. लेकिन जिस स्पीड से इस पर काम चल रहा है, वह दिन दूर नहीं जब स्मार्टवॉच और भारी-भरकम स्मार्टफोन का अल्टरनेटिव हमारे कपड़े खुद बन जाएंगे.
मेडिकल और फिटनेस फील्ड के लिए तो यह वरदान है
यह सिर्फ फैशन या यूथ के शौक की बात नहीं है, बल्कि मेडिकल सेक्टर और इमरजेंसी के वक्त यह बहुत बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकता है. डॉक्टर्स और पेशेंट्स इस कपड़े की मदद से बिना किसी एक्स्ट्रा गैजेट के सीधे बॉडी का हार्ट रेट, तापमान और ऑक्सीजन लेवल ट्रैक कर पाएंगे. जो लोग जिम जाते हैं या रनिंग करते हैं, उनके लिए वर्कआउट के दौरान लाइव डेटा देखना अब बाएं हाथ का खेल हो जाएगा.