LinkedIn के डेटा डाउनलोड नियम में बड़ा बदलाव, 20 दिसंबर से नहीं मिलेंगी ये खास जानकारियां; अभी कर लें सेव
लिंक्डइन ने 20 दिसंबर 2026 से कनेक्शंस डेटा एक्सपोर्ट फाइल में ईमेल पता, मौजूदा कंपनी और जॉब टाइटल न देने का फैसला किया है. लेकिन नाम, प्रोफाइल लिंक और जुड़ने की तारीख पहले की तरह मिलेगी.
लिंक्डइन से रिलेटेड एक खबर आई है जिसमें कहा गया है कि ऐप के फीचर्स में डेटा डाउनलोड करने के नियम में बदलाव किया जा रहा है. 20 दिसंबर 2026 के बाद से जब आप अपने कनेक्शंस की जानकारी डाउनलोड करेंगे, तो उसमें पहले की तरह पूरी जानकारी नहीं आएगी.
इस दिन के बाद मिलने वाली फाइल में आपके कनेक्शंस का ईमेल पता, वो अभी किस कंपनी में काम कर रहे हैं और उनका जॉब टाइटल क्या है, कुछ भी नहीं दिखेगा.
जो लोग अपने काम के कनेक्शंस की लिस्ट संभालकर रखने के लिए ये फाइल निकालते थे, उनके लिए ये बड़ा बदलाव है. लेकिन कनेक्शन का नाम, प्रोफाइल का लिंक और आप कब जुड़े थे, ये जानकारी पहले की तरह मिलती रहेगी.
लोगों की प्राइवेसी बचाने के लिए कदम
ऐसा बदलाव क्यों किया गया इसका भी जवाब हेल्प सेंटर के जरिए दिया गया है. कंपनी ने कहा है कि यूजर्स को अपनी जानकारी तो मिल जाए, लेकिन बाकी लोगों की प्राइवेसी भी बनी रहे.
आजकल लोग अपनी प्राइवेट जानकारी को लेकर थोड़े परेशान रहते हैं. इसी बात को देखते हुए कंपनी ने कनेक्शंस की फाइल से काम और ईमेल से जुड़ी कुछ बातें हटाने का फैसला लिया है.
फाइल में क्या दिखेगा और क्या नहीं?
ये नियम पूरे डेटा डाउनलोड पर नहीं, बल्कि सिर्फ कनेक्शंस की फाइल पर लागू होगा. आप सेटिंग्स और प्राइवेसी में जाकर अपने अकाउंट की जानकारी की कॉपी पहले की तरह ले सकेंगे.
लेकिन 20 दिसंबर के बाद जो कनेक्शंस फाइल डाउनलोड होगी, उसमें ईमेल पता, कंपनी का नाम और पद नहीं मिलेगा. फिर भी फाइल में कनेक्शन का नाम, प्रोफाइल लिंक और जुड़ने की तारीख पहले की तरह ही दिखती रहेगी.
प्रोफाइल पर पहले जैसी ही रहेगी जानकारी
इस नियम से ये न समझें कि आप लिंक्डइन पर अपने कनेक्शंस की डिटेल नहीं देख पाएंगे. जिन लोगों ने अपनी कंपनी या पद की जानकारी शेयर कर रखी है, वो प्रोफाइल पर पहले की तरह दिखेगी.
ये रोक सिर्फ डाउनलोड की जाने वाली फाइल तक है. 20 दिसंबर तक फाइल में ईमेल दिखेगा या नहीं, ये सामने वाले की प्राइवेसी सेटिंग पर निर्भर करता है. कई बार कुछ लोगों के ईमेल नहीं दिखते, क्योंकि उन्होंने इसकी इजाजत नहीं दी होती.
20 दिसंबर से पहले ऐसे सेव करें जानकारी
अगर आप नए नियम लागू होने से पहले अपने कनेक्शंस की पूरी डिटेल अपने पास रखना चाहते हैं, तो वेबसाइट से फाइल डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए अपनी प्रोफाइल मेन्यू खोलें और सेटिंग्स एंड प्राइवेसी में जाएं.
वहां डेटा प्राइवेसी में जाकर How LinkedIn uses your data चुनें और फिर Download your data पर क्लिक करें. यहां आप चाहें तो चुनिंदा जानकारी या पूरा डेटा आर्काइव मांग सकते हैं.
कब मिलेगी फाइल और क्या रखें ध्यान?
लिंक्डइन के मुताबिक आप जो जानकारी चाहते हैं, उसकी रिक्वेस्ट कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है. वहीं बड़ा डेटा आर्काइव ईमेल पर आने में 24 घंटे तक लग सकते हैं. डाउनलोड लिंक आने के बाद आपके पास फाइल सेव करने के लिए 72 घंटे का समय रहता है.
ये सुविधा अभी फोन पर नहीं है, इसलिए आपको कंप्यूटर से ही रिक्वेस्ट करनी होगी. साथ ही किसी पब्लिक कंप्यूटर पर अपनी निजी जानकारी डाउनलोड न करें.