आपकी प्राइवेट चैट, फैमिली ग्रुप और फोटो पर किसी अनजान की नजर! WhatsApp चलाने वालों को सरकार की सख्त चेतावनी
ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दोस्त के कंप्यूटर पर वाट्सअप वेब लॉग-इन छोड़ने को लेकर इंडियन साइबरक्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर ने चेतावनी दी है. वाट्सअप गलत हाथ में जाने पर ठग आपके प्राइवेट मैसेज पढ़ सकते हैं और आपकी पहचान का इस्तेमाल कर ठगी कर सकते हैं.
काम के चलते अक्सर हम ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दूसरे के कंप्यूटर पर वाट्सअप वेब लॉग-इन करके भूल जाते हैं. इसी को लेकर भारत सरकार ने बड़ी चेतावनी जारी की है.
गृह मंत्रालय के लिए काम करने वाली इंडियन साइबरक्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने लोगों को इस लापरवाही से बचने की सलाह दी है. एजेंसी का कहना है कि अगर आप वाट्सअप वेब लॉग-इन करते हैं, और खुला छोड़ देते हैं तो किसी गलत हाथ में पड़ने से कोई ठग आपके प्राइवेट मैसेज पढ़ सकते हैं.
इतना ही नहीं वो आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल कर आपके परिचितों और सहकर्मियों से पैसे भी ठग सकते हैं. दुनिया भर में कंपनियों और संस्थानों पर बढ़ रहे साइबर हमलों के बीच ये अलर्ट बहुत जरूरी माना जा रहा है.
लॉग-आउट सही से करें...
सरकारी सलाह में साफ कहा गया है कि ऑफिस के सिस्टम, दोस्त के कंप्यूटर या साइबर कैफे में पीसी पर वाट्सअप वेब का इस्तेमाल बहुत खतरे से भरा है. अक्सर लोग काम खत्म होने पर केवल ब्राउजर का टैब या विंडो बंद कर देते हैं.
इंडियन साइबरक्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर ने कहा है कि ऐसा करने से आपका अकाउंट लॉग-आउट नहीं होता है.
अगली बार उस कंप्यूटर पर बैठने वाला कोई भी व्यक्ति सीधे आपके चैट, कॉन्टैक्ट और ग्रुप मैसेज तक पहुंच सकता है. इसलिए हर बार इस्तेमाल के बाद मैन्युअल तरीके से लॉग-आउट करना जरूरी है.
बचाव के लिए अपनाएं ये जरूरी तरीके
एजेंसी ने ऐसे लोगों के लिए कुछ आसान नियम बताए हैं. साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर या उधार लिए गए लैपटॉप पर वाट्सअप खोलने से बचना चाहिए.
अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर लॉग-इन करना बहुत जरूरी हो तो ब्राउजर के इनकॉग्निटो या प्राइवेट मोड का सहारा लें. इसके अलावा कंप्यूटर पर गोपनीय सरकारी, दफ्तर या पैसों से जुड़ी जानकारी साझा न करें.
अपने फोन की व्हाट्सऐप सेटिंग में जाकर समय-समय पर लिंक्ड डिवाइस वाले सेक्शन को अच्छे से जांचें और अनजान डिवाइस को तुरंत हटा दें.
बड़े अधिकारियों को निशाना बना रहे हैं ठग
नवंबर की इस चेतावनी से पहले जून और अगस्त 2026 में भी I4C ने कंपनियों के बड़े अधिकारियों और चार्टर्ड अकाउंटेंट के लिए अलर्ट जारी किया था. ठग खुद को रिजर्व बैंक या सरकारी अधिकारी बताकर ईमेल या व्हाट्सऐप पर खतरनाक फाइलें भेजते हैं.
इन फाइलों को कंप्यूटर में खोलते ही एक छिपा हुआ प्रोग्राम चालू हो जाता है और चलता हुआ वाट्सअप वेब हैक हो जाता है.
इसके बाद ठग बॉस बनकर अकाउंट विभाग के कर्मचारियों को तुरंत पैसे ट्रांसफर करने का आदेश दे देते हैं. अगस्त 2026 से पहले एजेंसी ने 58,000 से ज्यादा ऐसे लोगों को एसएमएस भेजकर आगाह किया था, जिन पर इस ठगी का खतरा हो सकता था.
देश में तेजी से बढ़े हैं साइबर हमले
सरकारी आंकड़े बताते हैं कि देश में साइबर फ्रॉड तेजी से बढ़ रहा है. मार्च 2026 में संसद में गृह मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा एजेंसी Cert-In ने साल 2025 में 29.44 लाख से ज्यादा साइबर घटनाएं दर्ज की थी.
2025 के नंबर्स 2024 के 20.41 लाख और 2023 के 15.92 लाख मामलों से बहुत ज्यादा है. ऐसा नहीं है कि ये फ्रॉड बस आम लोगों के साथ हो रहे हैं, हाल ही में देश के बड़े बैंकों से जुड़ी घटनाएं भी दर्ज करवाई गई हैं.
डार्कवेब पर लोगों की जानकारी भी बेची जाती है. एक जांच में पता चला है कि अक्टूबर 2026 में भारतीय स्टेट बैंक के करीब 3897 ग्राहकों की पूरी जानकारी डार्क वेब पर है.
वहीं जुलाई 2026 में एक मामला सामने आया था जिसमें बैंक ऑफ बड़ौदा के एक कर्मचारी का ईमेल अकाउंट हैक होने की वजह से ऑफिशियल दस्तावेज लीक हो गए थे.
विदेशों में भी ठप हो चुका है बड़ा कारोबार
साइबर फ्रॉड का असर सिर्फ जानकारी चोरी होने तक ही नहीं रहता, बल्कि इससे पूरा कारोबार को रोका जा सकता है. अगस्त 2025 में टाटा मोटर्स की ब्रिटिश कार कंपनी जगुआर लैंड रोवर पर बड़ा साइबर हमला हुआ था.
इस साइबर हमले की वजह से कंपनी को अपने गाड़ियों का प्रोडक्शन 6 हफ्तों के लिए रोकना पड़ा था. इतना ही नहीं बस प्रोडक्शन रुकने की वजह से ब्रिटेन को लगभग 1.9 अरब पाउंड का नुकसान झेलना पड़ा.
इसी तरह 2025 में ब्रिटिश रिटेलर मार्क्स एंड स्पेंसर के एक बाहरी कॉन्ट्रैक्टर के कर्मचारियों को झांसा देकर हैकर्स सिस्टम में घुस गए थे, जिससे कंपनी की ऑनलाइन सेवाएं दो महीने तक बंद रही थी.
मजबूत पासवर्ड रखना ही काफी नहीं है...
इन तमाम घटनाओं से साफ है कि आज के दौर में सिर्फ मजबूत पासवर्ड रखना ही काफी नहीं है. किसी भी कंप्यूटर पर खुला छोड़ा गया अकाउंट या किसी फाइल पर एक क्लिक पूरे संस्थान के लिए मुसीबत बन सकता है.
खासकर ऑफिसों में व्हाट्सऐप या ईमेल पर आए किसी भी बड़े भुगतान के आदेश पर भरोसा करने से पहले फोन कॉल या आमने-सामने बात करके कनफर्मेशन जरूर लेनी चाहिए.
साथ ही अपने कंप्यूटर और ब्राउजर को हमेशा अपडेट रखें और अनजान फाइलों को डाउनलोड न करें. जैसा कि इंडियन साइबरक्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर ने अपने संदेश में कहा है कि सतर्क रहें, लॉग-इ करने के बाद लॉग-आउट करना न भूलें.