iPhone Duo की स्क्रीन ठीक कराने से सस्ता है नया iPhone 18 Pro Max खरीदना, रिपेयरिंग चार्ज देखकर हो जाएंगे हैरान!
Apple का पहला फोल्डेबल फोन iPhone Duo जितना शानदार है, उसकी मरम्मत का खर्च उससे भी ज्यादा चौंकाने वाला है. दोनों स्क्रीन ठीक कराने का बिल आईफोन 18 प्रो मैक्स की कीमत से भी कई हजार ज्यादा है.
Apple के सबसे प्रीमियम डिवाइस फोल्डेबल आईफोन यानी iPhone Duo की बुकिंग कुछ ही घंटों में शुरू होने वाली है. iPhone Duo की बुकिंग 16 अक्टूबर से शुरू होगी, तो वहीं इसकी डिलीवरी 23 अक्टूबर से मिलेगी. ऐप्पल के प्रीमियम लुक और दमदार फीचर्स वाले इस फोन को लोग खूब पसंद कर रहे हैं, लेकिन अब इसके मेंटेनेंस से जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई है जिसे जानकर आप हैरान हो जाएंगे. अगर आपने इस नए फोन को खरीदने का मन बना लिया है, तो जरा संभलकर रहिए क्योंकि इसकी एक छोटी सी लापरवाही आपकी पूरी जमा-पूंजी पर भारी पड़ सकती है.
Apple के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo की भारत में शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये रखी गई है. लेकिन अगर इसकी अंदर वाली फोल्डिंग स्क्रीन टूट जाती है, तो उसे ठीक कराने के लिए ही 1,49,900 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं. वहीं, फोन की अंदर और बाहर दोनों स्क्रीन की रिपेयर का कुल अनुमानित खर्च 1,92,800 रुपये तक पहुंच जाता है. हैरानी की बात यह है कि दोनों स्क्रीन के रिपेयर का खर्च Apple के iPhone 18 Pro Max और Samsung Galaxy Z Fold8 की कीमत से भी ज्यादा है. ऐसे में इस फोन को खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए इसकी रिपेयर कॉस्ट जानना भी जरूरी है.
iPhone Duo की स्क्रीन ठीक कराने में कितना खर्च होगा?
Apple की ओर से जारी सर्विस प्राइस लिस्ट के मुताबिक, iPhone Duo की अंदर वाली स्क्रीन को ठीक कराने के लिए 1,49,900 रुपये देने होंगे. वहीं, बाहर की स्क्रीन की मरम्मत का खर्च 42,900 रुपये है. अगर दोनों स्क्रीन को अलग-अलग ठीक कराने की जरूरत पड़ती है, तो कुल खर्च 1,92,800 रुपये हो जाएगा.
फोन की कीमत के मुकाबले यह कीमत काफी ज्यादा है. खास बात यह है कि अंदर वाली स्क्रीन की मरम्मत में ही फोन की शुरुआती कीमत का लगभग आधा पैसा खर्च हो सकता है.
बिना AppleCare+ के iPhone Duo की मरम्मत का अनुमानित खर्च जानिए
कवर लेयर की रिपेयर- 5,900 रुपये
पीछे के ग्लास की रिपेयर- 20,900 रुपये
बैटरी सर्विस- 24,900 रुपये
रियर कैमरे की रिपेयर- 26,900 रुपये
बाहर की स्क्रीन की रिपेयर- 42,900 रुपये
बाहर की स्क्रीन और पीछे के ग्लास की रिपेयर- 55,900 रुपये
अंदर की स्क्रीन की रिपेयर- 1,49,900 रुपये
दूसरे तरह के नुकसान का रिपेयर- 2,24,900 रुपये
ध्यान देने वाली बात यह है कि अंदर और बाहर की स्क्रीन की रिपेयर के लिए बताया गया 1,92,800 रुपये का खर्च दोनों के अलग-अलग चार्ज को जोड़कर निकाला गया है. इसे दोनों स्क्रीन की मरम्मत के लिए बताई गई एक अलग सर्विस फीस नहीं समझना चाहिए.
iPhone 18 Pro Max और Galaxy Z Fold8 से भी ज्यादा खर्च
iPhone Duo की दोनों स्क्रीन की रिपेयर चार्ज 1,92,800 रुपये है. दूसरी ओर, iPhone 18 Pro Max की कीमत 1,79,900 रुपये और Samsung Galaxy Z Fold8 की कीमत 1,79,999 रुपये बताई गई है. यानी iPhone Duo की दोनों स्क्रीन ठीक कराने में iPhone 18 Pro Max से 12,900 रुपये ज्यादा और Galaxy Z Fold8 से 12,801 रुपये ज्यादा खर्च हो सकते हैं.
इससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि फोन खरीदने के बाद उसे ठीक कराने का खर्च भी जेब पर भारी पड़ सकता है.
AppleCare+ लेने पर कम हो जाएगा स्क्रीन रिपेयर का खर्च
अगर आप iPhone Duo खरीदने की सोच रहे हैं, तो AppleCare+ प्लान भी आपके लिए मददगार साबित हो सकता है. इस प्लान के साथ स्क्रीन की रिपेयर के लिए लगने वाला चार्ज काफी कम हो जाता है. Apple की लिस्ट के मुताबिक, AppleCare+ के साथ अंदर वाली स्क्रीन की रिपेयर का खर्च 8,900 रुपये है. वहीं, बाहर की स्क्रीन की मरम्मत के लिए 2,500 रुपये देने होंगे. बिना इस कवरेज के इन दोनों कामों का खर्च 1,49,900 रुपये और 42,900 रुपये है.
AppleCare+ के साथ दूसरी सर्विस के अनुमानित चार्ज इस तरह हैं:
बैटरी सर्विस- 0 रुपये
कवर लेयर की रिपेयर- 1,900 रुपये
पीछे के ग्लास की रिपेयर- 2,500 रुपये
बाहर की स्क्रीन की रिपेयर- 2,500 रुपये
अंदर की स्क्रीन की रिपेयर- 8,900 रुपये
चोरी या गुम होने पर लागू सर्विस चार्ज-15,900 रुपये
लेकिन, इन चार्ज का फायदा लेने के लिए प्लान की शर्तों और कवरेज को समझना जरूरी है. हर तरह का नुकसान एक जैसी शर्तों के तहत कवर हो, यह जरूरी नहीं है.
AppleCare+ प्लान के लिए कितने पैसे देने होंगे?
AppleCare+ लेने के लिए भी अलग से पैसे खर्च करने पड़ेंगे. iPhone Duo के लिए कंपनी की लिस्ट में मंथली, सालाना और दो साल के प्लान दिए गए हैं.
एक महीने का प्लान- 2,599 रुपये
एक साल का प्लान- 25,999 रुपये
दो साल का प्लान- 51,900 रुपये
वहीं, चोरी और फोन गुम होने की सुरक्षा वाले AppleCare+ प्लान की कीमत मंथली 2,999 रुपये, सालाना 29,999 रुपये और दो साल के लिए 59,900 रुपये है.
इस प्लान में आकस्मिक नुकसान से सुरक्षा, Apple के प्रमाणित तकनीशियनों से असली पार्ट्स के साथ रिपेयर और दूसरी सर्विस सुविधाएं शामिल हैं. चोरी या फोन गुम होने की सुरक्षा वाला प्लान इसके अलावा संबंधित नुकसान के लिए कवरेज देता है.
बैटरी और कैमरे की मरम्मत भी नहीं है सस्ती
iPhone Duo की रिपेयर का खर्च सिर्फ स्क्रीन तक सीमित नहीं है. बिना AppleCare+ के फोन की बैटरी सर्विस के लिए 24,900 रुपये और रियर कैमरे की मरम्मत के लिए 26,900 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं. पीछे का ग्लास ठीक कराने का चार्ज 20,900 रुपये है. अगर बाहर की स्क्रीन और पीछे का ग्लास दोनों खराब हो जाते हैं, तो मरम्मत का अनुमानित खर्च 55,900 रुपये तक पहुंच सकता है. वहीं, अन्य तरह के नुकसान के लिए Apple की लिस्ट में 2,24,900 रुपये का चार्ज दिया गया है.
यहां ध्यान देना जरूरी है कि ये अनुमानित सर्विस चार्ज हैं. फोन की जांच के बाद असली खर्च अलग हो सकता है.
(ये भी पढ़ेंः आपकी एक-एक बात सुनेगा, समझेगा और फिर खुद बनाएगा शॉपिंग लिस्ट, जानिए क्या है Amazon के नए AI गैजेट्स का राज)