)
अगर हम आपसे कहें कि अब आपको टाइपिंग करने के लिए कीबोर्ड पर अपनी उंगलियां इधर-उधर मटकाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है तो क्या आप यकीन करेंगे. गूगल जापान ने इस बात को पूरी तरह सच साबित कर दिखाया है. गूगल ने एक बेहद ही अनोखा और मजेदार कीबोर्ड तैयार किया है जिसका नाम Gboard Kurukuru रखा गया है. इस कीबोर्ड में बटन स्थिर नहीं रहते बल्कि वे छोटे कन्वेयर बेल्ट पर घूमते रहते हैं. यानी आपको जिस अक्षर को टाइप करना है वह खुद-ब-खुद आपकी उंगली के नीचे आ जाता है. इस आविष्कार को गूगल ने टाइपिंग की दुनिया में एक बड़ी क्रांति करार दिया है.
क्या है यह घूमता हुआ 'कुरु कुरु' कीबोर्ड?
गूगल जापान ने टाइपिंग के पुराने सारे नियमों को तोड़ते हुए Gboard Kurukuru वर्जन पेश किया है. जापानी भाषा में कुरु कुरु का मतलब गोल-गोल घूमना होता है. इस कीबोर्ड में चार छोटे-छोटे कन्वेयर बेल्ट लगे हुए हैं जो लगातार घूमते रहते हैं. इन बेल्ट्स के ऊपर कीबोर्ड की चाबियां यानी कीज फिट की गई हैं. आपको जो भी लेटर टाइप करना होता है उसके लिए बस उंगली एक जगह टिकाकर रखनी होती है. जैसे ही आपका पसंदीदा लेटर घूमकर आपकी उंगली के नीचे आता है आपको बस हल्का सा टैप कर देना होता है.
116 बटन और बिना शिफ्ट दबाए टाइपिंग का मजा
इस कन्वेयर बेल्ट वाले कीबोर्ड में हर एक बेल्ट पर 29 कीज लगाई गई हैं. इस तरह पूरे कीबोर्ड में कुल मिलाकर 116 बटन दिए गए हैं. इस कीबोर्ड की सबसे खास बात यह है कि इसमें कैपिटल और स्मॉल लेटर्स के लिए अलग-अलग बटन दिए गए हैं. इसका सीधा फायदा यह है कि आपको टाइपिंग करते समय बार-बार शिफ्ट बटन दबाने की कोई जरूरत नहीं पड़ती है. इससे आपकी टाइपिंग काफी आसान हो जाती है और समय की भी बचत होती है.
गेम की तरह होती है टाइपिंग और आती है आवाज
अगर आपको लगता है कि सही समय पर सही बटन दबाना मुश्किल होगा तो गूगल ने इसका भी मजेदार समाधान निकाला है. जैसे ही कोई बटन एक तय पॉइंट पर पहुंचता है तो कीबोर्ड से एक आवाज आती है जो उस लेटर का नाम बोलती है. अगर आप टाइपिंग में एक्सपर्ट हो जाते हैं तो आप इसकी बेल्ट की स्पीड को बढ़ा भी सकते हैं. अगर आपसे कोई लेटर गलती से छूट जाता है तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है. वह बेल्ट घूमकर दोबारा उस लेटर को आपकी उंगली के पास ले आती है. यह पूरा एक्सपीरियंस किसी रिदम गेम खेलने जैसा लगता है.
एक हाथ से टाइपिंग और चाय की चुस्की
गूगल का कहना है कि इस कीबोर्ड को बनाने का मुख्य मकसद एक हाथ से टाइपिंग को बेहद आसान बनाना है. आम कीबोर्ड पर एक हाथ से पूरे बोर्ड पर उंगलियां घुमाना काफी थकाऊ काम होता है. लेकिन इस कुरु कुरु कीबोर्ड में आपकी उंगली एक ही जगह रहती है और बटन खुद आपके पास आते हैं. इससे आपका दूसरा हाथ पूरी तरह फ्री रहता है जिससे आप माउस चला सकते हैं या फिर आराम से चाय की चुस्की ले सकते हैं. गूगल ने इसे टाइपिंग की दुनिया का कॉपरनिकस रिवोल्यूशन कहा है.
दुकान पर नहीं मिलेगा यह कीबोर्ड, खुद घर पर बनाएं
अगर आप सोच रहे हैं कि इस कीबोर्ड को बाजार या किसी ऑनलाइन स्टोर से खरीद लें तो आपके लिए एक खबर है. गूगल इस कीबोर्ड को बिक्री के लिए लॉन्च नहीं कर रहा है. इसके बजाय गूगल ने इस पूरे कीबोर्ड का डिजाइन ओपन-सोर्स प्रोजेक्ट के तहत GitHub वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है. अगर आपके पास 3D प्रिंटर, जरूरी सामान और थोड़ा सा धैर्य है तो आप इसका डिजाइन देखकर खुद अपने घर पर यह घूमता हुआ कीबोर्ड तैयार कर सकते हैं.
1 अक्टूबर का मजेदार इतिहास और गूगल का पुराना ट्रेंड
गूगल जापान का 1 अक्टूबर को ऐसे अनोखे प्रोडक्ट्स पेश करने का एक पुराना इतिहास रहा है. 10वें महीने की 1 तारीख यानी 10/1 को पुराने 101-की वाले कीबोर्ड से जोड़कर देखा जाता है. साल 2021 से गूगल जापान ने अप्रैल फूल की जगह 1 अक्टूबर को अजीबोगरीब गैजेट्स पेश करने की परंपरा शुरू की थी. इससे पहले गूगल जापान एक बेहद लंबा Gboard Bar, सिर पर पहनने वाली Gboard Cap और पुराने जमाने के टेलीफोन की तरह डायल होने वाला Gboard Dial कीबोर्ड भी बना चुका है. कंपनी का कहना है कि भविष्य में वे और तेज बेल्ट वाले और पोर्टेबल वर्जन्स भी ला सकते हैं.