Elon Musk के खास लोग बना रहे भविष्य बताने वाला AI! 100 मिलियन डॉलर से शुरू किया नया खेल; क्या है पूरा Plan?
एलन मस्क के xAI के तीन पूर्व को-फाउंडर्स ने Epochal लॉन्च किया है जो AI को भविष्य की सटीक भविष्यवाणी करना सिखाएगा. जानिए कैसे.
एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI के तीन पूर्व को-फाउंडर्स ने अब अपना नया स्टार्टअप Epochal लॉन्च किया है. 24 नवंबर को सामने आई इस कंपनी का मकसद बिल्कुल साफ और बेहद बोल्ड है, AI को भविष्य की घटनाओं की सटीक भविष्यवाणी करना सिखाना. मजे की बात यह है कि इस स्टार्टअप में किसी बाहरी निवेशक का पैसा नहीं लगा है, बल्कि कंपनी के CEO गुओडोंग झांग ने खुद अपनी जेब से 100 मिलियन डॉलर यानी करीब 840 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम लगाई है. चलिए समझते हैं कि यह पूरा खेल क्या है और यह नया AI कैसे काम करेगा...
मस्क की टीम से निकलकर बनाया खुद का नया रास्ता
Epochal की कमान xAI के तीन पूर्व को-फाउंडर्स गुओडोंग झांग, जिहांग दाई और मैनुअल क्रोइस के हाथों में है, जिनके साथ एलेक्स बोचारोफ और फ्रैंक लुआन भी जुड़े हैं. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कंपनी की शुरुआत CEO झांग के खुद के 100 मिलियन डॉलर के निवेश से हुई है और अभी तक किसी बाहरी इनवेस्टर का नाम सामने नहीं आया है.
इन तीनों ने फरवरी 2026 में SpaceX और xAI के मर्जर के बाद कंपनी छोड़ दी थी. मार्च में ये सभी फिर से एक साथ आए और तब से इन्होंने OpenAI, Anthropic और Google DeepMind जैसी बड़ी कंपनियों से टॉप टैलेंट को अपनी टीम में शामिल किया है.
आज का AI भविष्य क्यों नहीं पढ़ पाता
अब सवाल यह उठता है कि जब हमारे पास इतने स्मार्ट AI मॉडल्स हैं, तो वे भविष्य का सही अंदाजा क्यों नहीं लगा पाते. इसकी वजह बहुत सीधी है. आज के ज्यादातर AI मॉडल्स पुराने इंटरनेट डेटा से सीखते हैं, जहां हर घटना का नतीजा पहले से पता होता है. चूंकि AI को पहले से ही यह दिख जाता है कि किसी कहानी या घटना का अंत कैसे हुआ, इसलिए वह असली दुनिया की अनिश्चितता के बीच मुश्किल फैसले लेना कभी सीख ही नहीं पाता.
Epochal इसी कमी को दूर करना चाहता है. कंपनी का मानना है कि सुपरह्यूमन प्रेडिक्शन लगभग हर इंडस्ट्री को बदल सकता है, क्योंकि असल जिंदगी में हर बड़ा फैसला एक तरह की भविष्यवाणी ही होता है. उनके हिसाब से असली बुद्धिमत्ता की सबसे बड़ी परीक्षा यही है कि आप असल दुनिया की गहरी समझ के साथ आगे क्या होगा, इसका सही अनुमान लगा सकें.
क्या है Epochal Time Portal और कैसे करता है काम?
ऐसे स्मार्ट मॉडल्स को ट्रेन करने के लिए Epochal ने अपना पहला प्रोडक्ट Epochal Time Portal लॉन्च किया है. सिर्फ 90 दिनों में तैयार किया गया यह प्लेटफॉर्म एक क्लाउड-बेस्ड सैंडबॉक्स है, जो AI एजेंट्स को ठीक वैसा ही इंटरनेट दिखाता है जैसा वह किसी पुरानी तारीख को दिखता था.
इस प्लेटफॉर्म में 1990 के दशक से लेकर पिछले 30 सालों के 1 ट्रिलियन से ज्यादा वेब पेजों को इंडेक्स किया गया है. हर पेज को मिनट-दर-मिनट के हिसाब से सेट किया गया है ताकि भविष्य की कोई भी खबर या स्पॉइलर गलती से भी अंदर न आ सके. इसमें AI एजेंट्स को सिर्फ पुरानी जानकारी के आधार पर फैसला लेना होता है और फिर अपने अनुमान की तुलना असल में हुई घटनाओं से करनी होती है.
उदाहरण के लिए, कोई बैंक AI को 2025 की पहली तीन तिमाहियों का डेटा देकर यह परख सकता है कि वह चौथी तिमाही की कमाई का कितना सटीक अनुमान लगाता है. कंपनी का दावा है कि इंटरनल टेस्ट में इसके नतीजे रियल-टाइम प्रेडिक्शन के बेहद करीब रहे और इसमें 0.98 का कोरिलेशन देखा गया. फिलहाल Time Portal एक ट्रेनिंग ग्राउंड है, जिसके ऊपर Epochal भविष्य में बड़े डिसीजन-मेकिंग मॉडल्स तैयार करेगा. डेवलपर्स और यूजर्स कमांड-लाइन टूल, Python और Rust क्लाइंट्स और MCP सर्वर के जरिए इसका लिमिटेड वर्जन मुफ्त में ट्राई कर सकते हैं, जबकि कंपनियां कॉरपोरेट कॉन्ट्रैक्ट साइन कर सकती हैं.
एलन मस्क के xAI से बड़े चेहरों की विदाई
Epochal की शुरुआत इस बात की तरफ भी इशारा करती है कि एलन मस्क के xAI से बड़े पैमाने पर लोग बाहर निकले हैं. मर्जर के बाद मस्क द्वारा कंपनी के पुनर्गठन के बीच अब सभी ओरिजिनल को-फाउंडर्स xAI छोड़ चुके हैं. xAI में रहते हुए झांग सीधे मस्क को रिपोर्ट करते थे और उन्होंने Grok Code जैसे अहम कोडिंग प्रोजेक्ट्स को लीड किया था.
सिर्फ यही नहीं, xAI के अन्य पूर्व कर्मचारियों ने भी अपने-अपने स्टार्टअप्स शुरू किए हैं. अगस्त 2026 में को-फाउंडर इगोर बाबुश्किन ने पर्सनलाइज्ड AI वेंचर River AI के लिए 1.1 बिलियन डॉलर जुटाए थे. वहीं, पूर्व कर्मचारी युचेन हे और एरिक जेलिकमैन ने Humans& नाम की एक AI रिसर्च लैब की शुरुआत की है.