दिल्ली के छात्रों का देसी जुगाड़, सिर्फ 140 रुपये में बनाया एयर प्यूरीफायर; मिला डायना अवॉर्ड का 'रोल ऑफ ऑनर'
दिल्ली के दो स्कूली छात्रों कृष अग्रवाल और समर्थ मीतल ने प्रोजेक्ट वायु के तहत एक ऐसा सस्ता फिल्टर बनाया है जो महज 140 रुपये में किसी भी साधारण पंखे को एयर प्यूरीफायर बना देता है. इस अनोखे आविष्कार के लिए कृष अग्रवाल को साल 2026 के डायना अवॉर्ड रोल ऑफ ऑनर में शामिल किया गया है.
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ता जा रहा है. इसी वजह से लोग हजारों रुपये खर्च करके महंगे एयर प्यूरीफायर खरीदते हैं. लेकिन अब आपको अपने पैसे को बर्बाद करने की जरूरत नहीं है. दिल्ली के दो स्कूली छात्रों ने एक ऐसा सस्ता और कमाल का तरीका खोज निकाला है.
जिससे घर या स्कूल के टेबल और दीवार वाले पंखे को ही एयर प्यूरीफायर बनाया जा सकता है. संस्कृति स्कूल के 12वीं के छात्र कृष अग्रवाल और वसंत वैली स्कूल के 11वीं के छात्र समर्थ मीतल ने मिलकर प्रोजेक्ट वायु की शुरुआत की है.
इस शानदार प्रोजेक्ट को देखते हुए कृष अग्रवाल को इस साल 2026 के डायना अवॉर्ड रोल ऑफ ऑनर में जगह मिली है.
कैसे पंखा बन जाता है एयर प्यूरीफायर?
अब आपके मन में भी ये सवाल आ रहा होगा कि आखिर एक पंखा एयर प्यूरीफायर का काम कैसे कर सकता है. तो प्रोजेक्ट वायु की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक इसमें एक खास तरह के इलेक्ट्रेट फिल्टर मीडिया का इस्तेमाल होता है.
ये फिल्टर हवा में मौजूद बेहद बारीक और खतरनाक PM2.5 कणों को अपनी ओर खींचकर रोक लेता है.
इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि ये किसी भी टेबल या वॉल फैन पर आसानी से फिट हो जाता है. सबसे खास बात तो ये है कि इसे लगाने के बाद भी पंखे की हवा की रफ्तार कम नहीं होती है.
लगाने में लगता है एक मिनट से भी कम समय
कुछ लोग सोच रहे होंगे कि इसे घर पर कैसे लगाया जाएगा, या इसके लिए किसी मिस्त्री और खास औजार की मदद लेनी होगी. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है.
इसके किनारों पर एक मजबूत इलास्टिक लगी होती है, जिसकी मदद से आप इसे एक मिनट से भी कम समय में किसी कवर की तरह अपने टेबल या वॉल फैन की जाली पर चढ़ा सकते हैं.
जैसे ही पंखा चलेगा, हवा भरने से ये फिल्टर गुब्बारे जैसा फूल जाएगा. इससे करीब पांच वर्ग फीट का एक बड़ा घेरा तैयार होता है, जो कमरे की हवा को तेजी से साफ करता है.
क्यों मिल रही है इस अनोखी पहल को तारीफ?
कमरे के अंदर की खराब हवा बच्चों की सेहत और उनकी पढ़ाई करने की क्षमता पर बहुत बुरा असर डालती है. कृष और समर्थ का मकसद खास तौर पर उन स्कूलों की मदद करना था जिनके पास महंगे प्रोडक्ट खरीदने के लिए बजट नहीं है.
डायना अवार्ड की वेबसाइट के अनुसार प्रोजेक्ट वायु ने दिल्ली के कई जरूरतमंद स्कूलों में ये फिल्टर बांटे हैं. इस पहल से अब तक 10,000 से ज्यादा स्कूली बच्चों को साफ हवा में सांस लेने का मौका मिला है. पर्यावरण की रक्षा के लिए युवाओं की इस सोच को अब दुनिया भर में सराहना मिल रही है.
कितनी है इस खास फिल्टर की कीमत?
प्रोजेक्ट वायु की सबसे बड़ी ताकत इसकी बेहद कम कीमत है. वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार इसके एक फिल्टर की कीमत मात्र 140 रुपये है.
बेहतर सफाई के लिए इस फिल्टर को हर महीने बदलना जरूरी होता है. इस प्रोजेक्ट का मकसद मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक साफ हवा पहुंचाना है.
इसी वजह से जरूरतमंद स्कूलों को ये फिल्टर बिल्कुल मुफ्त में दिए जा रहे हैं, ताकि हर बच्चे को सुरक्षित माहौल मिल सके.
आम लोगों के लिए क्यों खास है ये तकनीक?
ये फिल्टर बस स्कुल के बच्चों के लिए ही नहीं बल्कि प्रदूषण से परेशान शहर में रहने वाले लोगों के लिए भी अच्छा है. आज के समय में हर परिवार के लिए महंगा एयर प्यूरीफायर खरीदना मुमकिन नहीं होता है. ऐसे में 140 रुपये का ये फिल्टर एक क्रांतिकारी बदलाव साबित हो सकता है.
कम खर्च में तैयार होने वाला ये देसी उपाय आने वाले समय में बड़े-बड़े महंगे प्रोडक्ट का एक मजबूत और सस्ता ऑप्शन बन सकता है.