App

5G से आगे की दुनिया तैयार कर रहा भारत... 6G, AI, Satellite और Quantum से कैसे बदलेगा इंटरनेट?

भारत में 5G के बाद अब 6G की तैयारी जोर-शोर से चल रही है. AI, सैटेलाइट नेटवर्क और क्वांटम-सेफ सिक्योरिटी के संगम से जानिए कैसे बदलेगा आपका इंटरनेट एक्सपीरियंस.

5G से आगे की दुनिया तैयार कर रहा भारत... 6G, AI, Satellite और Quantum से कैसे बदलेगा इंटरनेट?
Image Credit: 6G

दिल्ली के यशोभूमि में आज से इंडिया मोबाइल कांग्रेस (India Mobile Congress 2026) की शुरुआत हो चुकी है, जो 7 से 10 अक्टूबर तक चलने वाला है. इस महाकुंभ में भारत अपनी टेलीकॉम ताकत का प्रदर्शन कर रहा है. भारत में 5G लगभग हर जगह पहुंच चुका है, लेकिन दुनिया यहीं रुकने वाली नहीं है. अब भारत सिर्फ विदेशी तकनीक का इस्तेमाल करने वाला देश नहीं रहा, बल्कि भविष्य के इंटरनेट की दिशा खुद तय कर रहा है. सोचिए, जब 6G की सुपर-फ़ास्ट स्पीड, AI की समझदारी, सैटेलाइट का नेटवर्क और क्वांटम की मजबूत सुरक्षा एक साथ मिल जाएँगे, तो इंटरनेट कैसा दिखेगा? पहाड़ों से लेकर समुद्री इलाकों तक- बिना टॉवर के सिग्नल, पलक झपकते ही डाउनलोड और कभी हैक न होने वाली सुरक्षा... आइए जानते हैं कि ये चारों मिलकर हमारी और आपकी दुनिया कैसे बदल डालेंगे...

5G के मुकाबले 6G में आम यूजर के लिए क्या बड़ा बदलाव होगा?
जब 5G आया था, तब सबसे बड़ी चर्चा स्पीड को लेकर थी. लेकिन 6G में बात सिर्फ स्पीड तक सीमित नहीं रहेगी. CMR के इंडस्ट्री रिसर्च ग्रुप के वीपी प्रभु राम ने बताया कि आम यूजर के लिए सबसे बड़ा बदलाव होगा कंसिस्टेंसी ऑफ एक्सपीरियंस (Consistency of Experience) यानी बिना किसी रुकावट का इंटरनेट एक्सपीरियंस.

अभी क्या होता है कि आप ट्रेन में सफर कर रहे हों या किसी बेसमेंट में हों, तो अचानक नेटवर्क गायब हो जाता है या स्पीड धीमी हो जाती है. 6G में यह परेशानी लगभग खत्म हो जाएगी. आप चाहे घर पर बैठे हों, भीड़-भाड़ वाले इलाके में हों या कहीं ट्रैवल कर रहे हों, आपको हमेशा एक जैसी स्टेबल और सुपरफास्ट स्पीड मिलेगी. 6G का मकसद इंटरनेट को सिर्फ तेज बनाना नहीं, बल्कि उसे हर जगह एक जैसा और भरोसेमंद बनाना है.

AI जब नेटवर्क संभालेगा तो स्पीड और रिलायबिलिटी पर क्या असर पड़ेगा?
अभी के नेटवर्क्स में जब कोई खराबी आती है या ट्रैफिक बढ़ता है, तो इंजीनियर्स को उसे मैनुअली ठीक करना पड़ता है. लेकिन 6G में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस नेटवर्क का सबसे बड़ा मैनेजर होगा. प्रभु राम के मुताबिक, AI बेस्ड नेटवर्क सिस्टम बहुत स्मार्ट होते हैं. वे नेटवर्क में आने वाली किसी भी गड़बड़ी, सर्वर लोड या सिग्नल की कमजोरी को यूजर तक पहुंचने से पहले ही भांप लेंगे और खुद-ब-खुद ठीक कर देंगे. इसका सीधा फायदा यूजर को यह होगा कि इंटरनेट की स्पीड हमेशा एक जैसी बनी रहेगी. बार-बार बफरिंग होना, कॉल ड्रॉप होना या अचानक नेटवर्क गायब हो जाना जैसी समस्याएं बहुत दुर्लभ हो जाएंगी. यानी इंटरनेट अब ज्यादा रिलायबल और टेंशन-फ्री हो जाएगा.

Satellite-to-Mobile Connectivity: बिना टावर के कैसे मिलेगा नेटवर्क?
एक्सपर्ट प्रभु राम ने बताया आज भी हमारे देश में कई ऐसे दूर-दराज के इलाके हैं, जैसे घने जंगल, ऊंचे पहाड़ या रेगिस्तान, जहां मोबाइल टावर लगाना बेहद मुश्किल या नामुमकिन है. इन जगहों को हम जीरो-टावर रीजन (Zero-Tower Regions) कहते हैं. 6G में सैटेलाइट-टू-मोबाइल (Satellite-to-Mobile) टेक्नोलॉजी इस समस्या का पक्का इलाज लेकर आ रही है. इसका मतलब यह है कि आपका स्मार्टफोन सीधे अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट्स से कनेक्ट हो सकेगा.

Quantum Technology: इंटरनेट की सुरक्षा में कितना बड़ा बदलाव?
जैसे-जैसे इंटरनेट तेज हो रहा है, वैसे-वैसे साइबर खतरों का डर भी बढ़ रहा है. आज हम अपने पासवर्ड, बैंकिंग डिटेल्स और पर्सनल डेटा को सुरक्षित रखने के लिए जिस एन्क्रिप्शन तकनीक (Public-Key Encryption) का इस्तेमाल करते हैं, उसे आने वाले समय की क्वांटम कंप्यूटिंग चुटकियों में तोड़ सकती है. इसी खतरे से निपटने के लिए 6G के साथ पोस्ट-क्वांटम सिक्योरिटी (Post-Quantum Security) को जोड़ा जा रहा है. क्वांटम-सेफ सिक्योरिटी ऐसी टेक्नोलॉजी है जिसे दुनिया का सबसे ताकतवर क्वांटम कंप्यूटर भी हैक नहीं कर पाएगा. सुरक्षा की इस नई दीवार पर शिफ्ट होने का काम अभी से शुरू करना पड़ेगा, ताकि भविष्य में जब 6G पूरी तरह लॉन्च हो, तो आपका डेटा, ऑनलाइन पेमेंट्स और पर्सनल चैट 100% सेफ रहें.

6G की Global Race में भारत कहां खड़ा है?
पहले जब 2G, 3G या 4G आया था, तो भारत विदेशी तकनीकों पर निर्भर रहता था. लेकिन 5G के समय भारत ने स्वदेशी तकनीक विकसित की और अब 6G की ग्लोबल रेस में भारत एक मजबूत दावेदार के रूप में सामने आया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Mohit Chaturvedi

Mohit Chaturvedi

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More