3 लाख का Foldable iPhone और महीनों की वेटिंग! प्री-बुकिंग करते-करते बदल गई डिलीवरी डेट, अब 2027 तक करना होगा इंतजार
Apple के फोल्डेबल आईफोन ने लॉन्च होते ही गजब का क्रेज देखने को मिला है. लगभग तीन लाख रुपये तक की कीमत वाले इस फोन की प्री-बुकिंग शुरू होते ही मिनटों में स्टॉक खत्म हो गया, जिससे अब डिलीवरी के लिए 2027 का लंबा इंतजार करना पड़ेगा.
Apple के पहले फोल्डेबल iPhone Duo का इंतजार कर रहे लोगों में इसे खरीदने की ऐसी होड़ मची कि प्री-बुकिंग शुरू होने के कुछ ही देर बाद डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है. शुरुआत में अक्टूबर में फोन की डिलीवरी मिलने की बात कही जा रही थी, लेकिन अब डिलीवरी की डेट नवंबर से लेकर दिसंबर तक पहुंच गई है. भारत में इस फोन की शिपिंग डेट अब बढ़ाकर 23 जनवरी 2027 कर दी गई है यानी ग्राहकों को अगले साल तक आईफोन डुओ के लिए इंतजार करना होगा.
कुछ ही मिनटों में बदल गई डिलीवरी डेट
Apple ने अपने सबसे प्रीमियम और पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo की प्री-बुकिंग 16 अक्टूबर को शुरू की. दुनिया भर में इस iPhone Duo को लेकर काफी चर्चा है. जैसे ही 5: 30 पर ऐप्पल का ऑनलाइन स्टोर खुला, लोग फोन बुक करने के लिए वेबसाइट पर जाने लगे. कई कस्टमर्स बार-बार पेज रिफ्रेश करते रहे, जिससे उन्हें जल्दी डिलीवरी मिल सके. कुछ वेरिएंट तो कुछ ही मिनटों में आउट ऑफ स्टॉक हो गए.
वहीं कुछ यूजर्स ने सोशल मीडिया पर अपना एक्सपीरियंस शेयर किया है कि शुरुआत के समय iPhone Duo की प्री-बुकिंग में परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं कस्टमर्स का कहना है कि जब वे पेमेंट की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे, तभी डिलीवरी की डेट आगे बढ़ गई. देखते ही देखते अक्टूबर में फोन मिलने की उम्मीद करने वाले कई लोगों को दिसंबर और जनवरी 2027 तक का इंतजार मिलने लगा.
3 लाख रुपये का फोन खरीदने में भी नहीं मिली कामयाबी
टेक जगत से जुडे लोगों ने भी इस प्री-बुकिंग के दौरान आई परेशानियों का जिक्र किया. टेक इन्फ्लुएंसर मुकुल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फोन की कीमत को लेकर सवाल उठाया. उन्होंने बताया कि वह फोन जल्दी पाने के पास ही थे, लेकिन जब वे पेमेंट सेक्शन पर पहुंचे तो डिलीवरी की डेट बदलकर दिसंबर हो गई.
वहीं, एक दूसरे कस्टमर ने दावा किया है कि प्री-बुकिंग शुरू होने के लगभग 3 मिनट में ही उन्होंने फोन को बुक कर दिया. लेकिन इसके बाद भी Apple की तरफ से उन्हें एक मेल भेजा गया, जिसमें कहा गया है कि उनकी प्री-बुकिंग क्लियर नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि इसके बाद कस्टमर सपोर्ट से चार घंटे तक बात करने के बाद भी उन्हें जनवरी में डिलीवरी लेने या फिर से बुक करने जैसे ऑप्शन ही दिए गए.
आखिर क्यों करना पड़ रहा है इतना इंतजार?
iPhone Duo की डिलीवरी में देरी की असली वजह अभी साफ नहीं है. अभी तक जो सबसे ज्यादा संभावना जाहिर की जा रही है, वह यह है कि iPhone Duo की ज्यादा मांग हो सकती है, वहीं शुरुआती दिनों में इसकी सप्लाई भी लिमटेड ही हो. लेकिन, Apple की तरफ से इस देरी को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है.
iPhone Duo कंपनी का पहला फोल्डेबल फोन है. ऐसे में Apple के ग्राहक लंबे समय से इसके लॉन्च का इंतजार कर रहे थे. फोन की डिजाइन और कीमत को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चा का बाजार गर्म है. भारत में इसके 256GB मॉडल की कीमत 2,99,900 रुपये रखी गई है. यह स्टार व्हाइट और नाइट स्काई रंगों में मिल रहा है.
23 अक्टूबर से दुकानों पर भी मिलेगा फोन
ऑनलाइन प्री-बुकिंग में मौका चूकने वाले कस्टमर्स के लिए अभी एक उम्मीद बाकी है. iPhone Duo की सेल 23 अक्टूबर से शुरू होनी है. कुछ फोन दुकानों पर सीधे खरीदने के लिए रखे जा सकते हैं. हालांकि, वहां कितनी यूनिट मौजूद होंगी, यह अभी साफ नहीं है. ऐसे में स्टोर से फोन खरीदने की योजना बना रहे कस्टमर्स को भी स्टॉक की जानकारी पहले ले लेनी चाहिए.
(ये भी पढ़ेंः AI एजेंट का खतरनाक खेल! भारतीय कंपनियों के सिस्टम में बिना परमिशन बनाई पहुंच, सरकार ने जारी की बड़ी चेतावनी)
क्या iPhone Duo के लिए करना चाहिए इंतजार?
यह फैसला इस बात पर निर्भर करता है कि ग्राहक को फोल्डेबल iPhone कितना पसंद है और वह इसके लिए कितनी कीमत चुकाने को तैयार है. Apple के पुराने कस्टमर्स और नई टेक्नोलॉजी आजमाने के शौकीनों के लिए यह फोन खास हो सकता है.
(ये भी पढ़ेंः iPhone Duo की प्रीबुकिंग शुरू, 4.5 लाख रुपये है टॉप मॉडल की कीमत, अभी बुकिंग पर मिल रहा ये डिस्काउंट ऑफर)