App

पिछली बार सरेआम दिखाया जूता, अब दोहा में क्या होगा? पाकिस्तान के इस गेंदबाज से बदला लेने को बेताब वैभव सूर्यवंशी

मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के 8वें मैच में भारत ए का सामना पाकिस्तान ए से होगा. क्रिकेट फैंस वैभव सूर्यवंशी और अली रजा की टक्कर देखने के लिए बेताब हैं. जब पिछली बार दोनों का आमना-सामना हुआ था, तब सूर्यवंशी ने रजा को जूता दिखाया था.

पिछली बार सरेआम दिखाया जूता, अब दोहा में क्या होगा? पाकिस्तान के इस गेंदबाज से बदला लेने को बेताब वैभव सूर्यवंशी
Image Credit: वैभव सूर्यवंशी और अली रजा की टक्कर (Video screengrabs/X)

दोहा में आज क्या होने वाला है? जी हां... दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजर इस मुकाबले पर है. मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के 8वें मैच में भारत ए का सामना पाकिस्तान ए से होगा. स्टेज चाहे जो भी हो, जब ये दोनों टीमें आमने-सामने होती है, मैदान पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलता है. याद दिला दें कि इस मुकाबले में 15 वर्षीय भारतीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी भी खेलेंगे, जो पाकिस्तान के एक गेंदबाज से बदला लेने को बेताब होंगे. एक साल पहले जब दोनों का आमना-सामना हुआ था, तब मैदान पर काफी गर्मागर्मी देखने को मिली थी. उस मैच में पाकिस्तान ने बाजी मारी थी और उनके कुछ खिलाड़ियों ने बदतमीजी भी की थी.

सबसे पहले तो ये जानना जरूरी है कि वैभव सूर्यवंशी का सामना आखिर होने किससे वाला है और आखिरी बार जब दोनों आमने-सामने हुए थे, तब हुआ क्या था? दिसंबर, 2025 में अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर हुई थी. उस मुकाबले में इंडिया U-19 टीम को 191 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. वैभव सूर्यवंशी भी टीम का हिस्सा थे और पाकिस्तानी गेंदबाज अली रजा के साथ उनकी जोरदार बहस हुई थी.

वैभव सूर्यवंशी ने जूता दिखाकर क्या कहा था?

दिसंबर 2025 में U19 एशिया कप के फाइनल के दौरान, इन दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हुई थी. रजा ने सूर्यवंशी को आउट करने के बाद उन्हें काफी आक्रामक अंदाज में विदा किया. ये बात वैभव को रास नहीं आई और उन्होंने जबरदस्त पलटवार किया. ड्रेसिंग रूम लौटने से पहले उन्होंने अली रजा को अपना जूता दिखाया. इशारों-इशारों में उन्होंने ये कह दिया था कि अभी तुम मेरे जूते के बराबर भी नहीं हो.

दोहा में भी बवाल तय?

करीब एक साल बाद ये दोनों खिलाड़ी एक बार फिर आमने-सामने होंगे. भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर ये मुकाबला शुरू होगा. फैंस वैभव सूर्यवंशी और अली रजा को एक्शन में देखने के लिए बेताब होंगे. वहीं, इंडिया A के लिए पिछले संस्करण की यादें अभी भी ताजा होंगी. नवंबर 2025 में, ग्रुप स्टेज के दौरान पाकिस्तान शाहीन ने उन्हें 8 विकेट से हरा दिया था, जिसमें माज सदाकत ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई थी.

पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया की टीम 19 ओवर में सिर्फ 136 रन पर ऑलआउट हो गई. वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में 45 रन बनाकर सबसे ज्यादा स्कोर किया, जबकि नमन धीर ने 20 गेंदों में 35 रन बनाए. हालांकि, अच्छी शुरुआत के बाद भारतीय बल्लेबाज लय बरकरार नहीं रख सके और आखिरी 10 ओवरों में सिर्फ 35 रन के भीतर ही उनके 8 विकेट गिर गए. वैभव सूर्यवंशी के पास पाकिस्तान के खिलाफ अपनी छाप छोड़ने का एक और मौका है, जबकि तिलक वर्मा, रिंकू सिंह और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों से बड़ी जिम्मेदारी उठाने की उम्मीद की जाएगी.

भारत ए और पाकिस्तान ए का स्क्वॉड

भारत ए टीम: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, आयुष बदोनी, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, तनुष कोटियन, प्रभसिमरन सिंह, हर्ष दुबे, अरशद खान

पाकिस्तान ए टीम: शमील हुसैन, माज सदाकत, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), हसन नवाज, अब्दुल समद (कप्तान), फरहान यूसुफ, साद मसूद, मोहम्मद इमरान रंधावा, अहमद दानियाल, सुफियान मोकिम, अली रजा, शाहजेब खान, हैदर अली, मोहम्मद हसनैन, दानिश अजीज

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More